Samachar Nama
×

टी20 विश्व कप 2026 : ग्रुप स्टेज में 6 टीमों के अहम मुकाबले, जीत की लय बनाए रखना चाहेंगी न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका

नई दिल्ली, 14 फरवरी (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप 2026 में आज ग्रुप स्टेज को आगे बढ़ाते हुए तीन मुकाबले खेले जाएंगे। अलग-अलग ग्रुप की टीमें मैदान पर उतरेंगी और कई टीमों के लिए यह मुकाबले करो या मरो जैसे साबित हो सकते हैं।
टी20 विश्व कप 2026 : ग्रुप स्टेज में 6 टीमों के अहम मुकाबले, जीत की लय बनाए रखना चाहेंगी न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका

नई दिल्ली, 14 फरवरी (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप 2026 में आज ग्रुप स्टेज को आगे बढ़ाते हुए तीन मुकाबले खेले जाएंगे। अलग-अलग ग्रुप की टीमें मैदान पर उतरेंगी और कई टीमों के लिए यह मुकाबले करो या मरो जैसे साबित हो सकते हैं।

पहला मुकाबला ग्रुप बी की दो टीमों आयरलैंड और ओमान के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान में भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा।

दोनों टीमों का अब तक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। आयरलैंड और ओमान ने अपने-अपने शुरुआती दो मुकाबले गंवाए हैं। ऐसे में दोनों टीमों ने अभी तक जीत का खाता नहीं खोला है। आज के मैच में किसी एक टीम को टूर्नामेंट की पहली जीत मिलेगी। इस कारण यह मुकाबला दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दिन का दूसरा मुकाबला ग्रुप सी की टीमों इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

ग्रुप सी में इंग्लैंड की शुरुआत मिली-जुली रही है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को चार रन से हराया था, जो काफी करीबी मुकाबला रहा। हालांकि, दूसरे मैच में इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन से हार झेलनी पड़ी। इस तरह इंग्लैंड का अभियान अब तक संतुलित नहीं दिखा है।

वहीं स्कॉटलैंड की टीम दो में से एक मुकाबला जीतने में सफल रही है। पहले मैच में उसे वेस्टइंडीज के हाथों 35 रन से हार मिली, लेकिन दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रन से हराकर वापसी की। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच अंक तालिका के लिहाज से बेहद अहम है।

आज का सबसे बड़ा मुकाबला ग्रुप डी में खेला जाएगा, जहां न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।

न्यूजीलैंड की टीम शानदार फॉर्म में हैं। कीवियों ने अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को पांच विकेट से और दूसरे मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से हराया था।

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 57 रन से मात दी। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ उसका मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैच टाई होने के बाद पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर छूटा। आखिरकार दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की।

ऐसे में आज का यह मुकाबला ग्रुप डी में शीर्ष स्थान की दौड़ को और रोचक बना सकता है। दर्शकों को एक रोमांचक क्रिकेट मुकाबले की उम्मीद रहेगी।

--आईएएनएस

एएस/

Share this story

Tags