Samachar Nama
×

टी20 विश्व कप: दासुन शनाका का रिकॉर्ड अर्धशतक, श्रीलंका ने ओमान को दिया 226 रन का लक्ष्य

कैंडी, 12 फरवरी (आईएएनएस)। पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ओमान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंका ने कप्तान दासुन शनाका के रिकॉर्ड अर्धशतक की बदौलत 5 विकेट पर 225 रन बनाए हैं।

ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। निसांका और कामिल मिसारा के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाज 42 के स्कोर तक पवेलियन लौट गए थे।

इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज कुसाल मेंडिस और पवन रथनायके ने तीसरे विकेट के लिए 50 गेंद पर 94 रन की विस्फोटक साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। तीसरे विकेट के रूप में रथनायके 136 के स्कोर पर आउट हुए। रथनायके ने 28 गेंद पर 1 छक्का और 8 चौकों की मदद से 60 रन की पारी खेली।

पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान दासुन शनाका ने मैच में असली जान फूंकी और श्रीलंका की तरफ से अंतरराष्ट्रीय टी20 का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। शनाका ने मात्र 19 गेंद पर 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली। अर्धशतक लगाने के बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। शनाका ने कुसाल के साथ चौथे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की।

पूर्व में श्रीलंका की तरफ से सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी शनाका के नाम ही था। शनाका ने 2023 में पुणे में भारत के खिलाफ 20 गेंद पर अर्धशतक लगाया था।

शनाका के आउट होने के बाद कुसाल मेंडिस भी 45 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

कामिंदु मेंडिस 7 गेंद पर 19 और दुनिथ वेलालागे 4 गेंद पर 6 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन बनाए हैं।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags