Samachar Nama
×

स्वीडन में भी गूंजा जय श्री राम, 'रामायण' के प्रीमियर पर अनुपम खेर ने स्वीडिश में दिया भाषण

स्वीडन में भी गूंजा जय श्री राम, 'रामायण' के प्रीमियर पर अनुपम खेर ने स्वीडिश में दिया भाषण
स्वीडन में भी गूंजा जय श्री राम, 'रामायण' के प्रीमियर पर अनुपम खेर ने स्वीडिश में दिया भाषण

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। हाल ही में फिल्म 'रामायण: द राइज ऑफ लेजेंड' का भव्य प्रीमियर को स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के मॉल ऑफ स्कैंडिनेविया में आयोजित किया गया। इस विशेष आईमैक्स प्रीमियर में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण सहित भारी संख्या में दर्शक शामिल हुए थे।

अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए प्रीमियर की रात का अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि प्रीमियर में उन्होंने स्वीडिश भाषा में भाषण दिया था और फिल्म देखने के बाद लोगों की आंखों में आंसू थे और वे भारत संस्कृति की जमकर सराहना कर रहे थे।

उन्होंने लिखा, "स्वीडन में रामायण का प्रीमियर।"

अनुपम खेर ने बताया कि प्रीमियर में उन्होंने स्वीडिश भाषा में भाषण दिया था। अभिनेता ने लिखा, "स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में फिल्म 'रामायण: द राइज ऑफ लीजेंड' के स्वीडिश प्रीमियर की ये तस्वीरें शेयर करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। मैंने अपना भाषण स्वीडिश भाषा में एक लाइन से शुरू किया, 'आज शाम स्टॉकहोम में आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।'"

उन्होंने आगे लिखा, "सच कहूं, तो प्रीमियर में मुझे सच में बहुत खुशी हो रही थी। भारत में 41 साल और 556 फिल्मों के बाद, पहली बार फिल्म 'आउट ऑफ फैशन' के जरिए स्वीडिश सिनेमा का छोटा सा हिस्सा बनना भी मेरे लिए बेहद खास था।"

स्वीडन में फिल्म 'रामायण: द राइज ऑफ लीजेंड' के प्रीमियर में भारत के राजदूत अनुराग भूषण भी मौजूद थे। अनुपम खेर ने लिखा, "स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण जी का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने मुझे और मेरे भाषण को सबके सामने पेश किया। उनकी गर्मजोशी और प्यारी मौजूदगी ने इस शाम को और भी खास बना दिया। फिल्म में कथावाचक और जटायु के तौर पर, इस शानदार सिनेमाई सफर का हिस्सा बनकर मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है। रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है, बल्कि यह प्यार, त्याग, परिवार, कर्तव्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश हर देश, हर भाषा और हर पीढ़ी के लोगों से जुड़ता है। इस कालातीत भारतीय महाकाव्य को स्वीडन में मनाते देखना बहुत ही भावुक कर देने वाला था।"

अभिनेता ने बताया कि फिल्म देखने के बाद स्वीडन में भी लोगों की आंखों में आंसू आ गए थे। उन्होंने लिखा, "जब फिल्म खत्म हुई, तो लोगों की आंखों में आंसू थे, वो मेरे पास आए, मेरा हाथ पकड़कर मुझे रामायण की कहानी सुनाने और जटायु का किरदार निभाने के लिए धन्यवाद कहने लगे। मैं पूरी तरह से भावुक हो गया। भारत से बनी एक फिल्म को यहां लोगों से जुड़ते देखकर मुझे बेहद गर्व महसूस हुआ।"

उन्होंने फिल्म की बाकी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "नितेश तिवारी, नमित मल्होत्रा, सोनी पिक्चर्स, एसएफ स्टूडियोज, बॉलीवुड बायो स्वीडन और उन सभी को बधाई, जिन्होंने इस फिल्म को स्वीडिश सिनेमाघरों तक पहुंचाया और इस खास शाम को मुमकिन बनाया।भारतीय होने पर गर्व है। जय श्री राम।"

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story