स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगा कश्मीर, गुलमर्ग में 110 फीट का तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र
बारामूला, 12 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर का मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। यहां लगाया गया 110 फीट ऊंचा तिरंगा पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गुलमर्ग घूमने पहुंच रहे सैलानी तिरंगे के साथ तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।
देश के अलग-अलग हिस्सों से कश्मीर घूमने पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि गुलमर्ग की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ इतने ऊंचे तिरंगे को देखना उनके लिए एक यादगार अनुभव है। त्रिपुरा से आए पर्यटक शोभन दास ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि वह पहली बार जम्मू-कश्मीर आए हैं। गुलमर्ग में 110 फीट ऊंचा तिरंगा देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
शोभन दास ने देश के दूसरे हिस्सों के लोगों से भी कश्मीर आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यहां आकर तिरंगे की शान को करीब से देखने का अनुभव अलग ही है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे को लहराते हुए देखने का इंतजार भी पर्यटकों में साफ नजर आ रहा है।
हैदराबाद से आए श्रीनिवास राव ने भी इस विशाल तिरंगे और सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तिरंगे को देखकर उनके अंदर देशभक्ति की भावना और मजबूत हुई। श्रीनिवास राव ने कहा कि कश्मीर में घूमते हुए उन्हें सुरक्षा का एहसास हो रहा है और वह यहां की खूबसूरती का आनंद उठा रहे हैं।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में तैनात सुरक्षा बलों की भी सराहना की। उनका कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की वजह से लोग बेफिक्र होकर घूम पा रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को लेकर खुशी जाहिर करते हुए सभी को शुभकामनाएं भी दीं।
गुलमर्ग पहुंचे एक अन्य पर्यटक राजीव ने भी 110 फीट ऊंचे तिरंगे को देखकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कश्मीर की खूबसूरती के बीच इतनी ऊंचाई पर लहराता तिरंगा बेहद शानदार दिखाई देता है। उन्होंने अपने अमरनाथ यात्रा के अनुभव का भी जिक्र किया और बताया कि वहां भी उन्हें सुरक्षा व्यवस्था अच्छी लगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम

