Samachar Nama
×

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अर्धसैनिक बलों ने लहराया तिरंगा, देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अर्धसैनिक बलों ने लहराया तिरंगा, देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अर्धसैनिक बलों ने लहराया तिरंगा, देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। इस दौरान अर्धसैनिक बलों की ओर से भी ध्वजारोहण किया गया।

एनएसजी की ओर से कहा गया, "नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) गर्व, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और देश की सेवा व सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहरा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर, एनएसजी के महानिदेशक और सभी रैंक के अधिकारी देश भर के नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।"

एनएसजी ने कहा, "यह स्वतंत्रता दिवस विशेष महत्व रखता है क्योंकि देश 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है- यह अमर राष्ट्रगीत भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की एक सशक्त अभिव्यक्ति बना और एकता, देशभक्ति, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण के आदर्शों से पीढ़ियों को प्रेरित करता रहा है।"

एनएसजी ने आगे कहा, "जब तिरंगा शान से लहरा रहा है, तो एनएसजी उन अनगिनत बहादुरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है जिनके साहस और बलिदान ने हमारी स्वतंत्रता सुनिश्चित की, और उन सभी को सलाम करता है जो भारत की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा के लिए अडिग खड़े हैं। वंदे मातरम की भावना हमें एक मजबूत, सुरक्षित और अधिक समृद्ध भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प की दिशा में एकजुट और प्रेरित करती रहे।"

आईटीबीपी की ओर से कहा गया, "भारत-चीन सीमा की दुर्गम ऊंचाइयों पर तिरंगे का मान। आईटीबीपी की 10वीं बटालियन की अग्रिम चौकी पर 80वां स्वतंत्रता दिवस गर्व और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कमांडेंट विपिन कुमार ने तिरंगा फहराया, अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और सीमा पर तैनात सतर्क हिमवीरों का मनोबल बढ़ाया।"

आईटीबीपी की ओर से एक और पोस्ट में लिखा गया, "आईटीबीपी की 54वीं बटालियन ने भालुकपोंग कैंपस में देशभक्ति के जोश के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया और साथ ही अपने पहले 'स्ट्राइक कोर्स' की शुरुआत भी की। ईसी के आईजी (ऑपरेशन्स और ट्रेनिंग) मंदिर एक्का ने अधिकारियों और हिमवीरों की मौजूदगी में इस पहले कोर्स का उद्घाटन किया।

एसएसबी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा गया, "एसएसबी के डीजी संजय सिंघल ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एसएसबी की 41वीं बटालियन, रानीडांगा (पश्चिम बंगाल) की बीओपी पानीटंकी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।''

--आईएएनएस

एसडी/डीएससी

Share this story

Tags