Samachar Nama
×

स्वतंत्रता दिवस पर सुहावना रहेगा मौसम, एनसीआर में हल्की बारिश के आसार

स्वतंत्रता दिवस पर सुहावना रहेगा मौसम, एनसीआर में हल्की बारिश के आसार
स्वतंत्रता दिवस पर सुहावना रहेगा मौसम, एनसीआर में हल्की बारिश के आसार

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मानसून की सक्रियता के बीच स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बारिश के दौर लोगों को गर्मी से राहत दे सकते हैं। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान में 15 अगस्त से 20 अगस्त तक लगातार बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आर्द्रता का स्तर 90 से 80 प्रतिशत के बीच रह सकता है। पूर्वानुमान में सामान्यतः बादल छाए रहने और हल्की बारिश की बात कही गई है। 16 अगस्त को तापमान में मामूली बढ़ोतरी के साथ अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहने के साथ हल्की बारिश वाला रह सकता है।

17 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद 18 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है। 19 अगस्त को तापमान 34-23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जबकि मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 20 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। यानी पूरे सप्ताह तापमान बहुत अधिक बढ़ने के आसार नहीं हैं और बादल व बारिश गर्मी से राहत देते रहेंगे।

मौसम के साथ-साथ नोएडा की वायु गुणवत्ता भी अपेक्षाकृत राहत देने वाली तस्वीर दिखा रही है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 70, सेक्टर-62 में 60, सेक्टर-1 में 90 और सेक्टर-116 में 99 दर्ज किया गया है। इन आंकड़ों के आधार पर नोएडा के प्रमुख निगरानी केंद्रों पर हवा संतोषजनक श्रेणी में दिखाई दे रही है।

हालांकि दिल्ली की तस्वीर सभी इलाकों में एक जैसी नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों में आनंद विहार और बवाना का एक्यूआई 201 दर्ज किया गया है, जबकि अशोक विहार 89, आया नगर 58, कैंटोनमेंट एरिया 103, चांदनी चौक 104, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 63 और मथुरा रोड 81 पर एक्यूआई दर्ज हुआ। यानी दिल्ली में कुछ इलाकों में हवा बेहतर है, लेकिन कुछ प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट अभी भी अपेक्षाकृत खराब स्थिति में हैं।

गाजियाबाद के उपलब्ध छह सक्रिय स्टेशनों में गोविंदपुरम का एक्यूआई 56, इंदिरापुरम 74, लोनी 107, संजय नगर 68, वसुंधरा 92 और वेद विहार-लोनी 120 दर्ज किया गया। इनमें गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, संजय नगर और वसुंधरा के आंकड़े अपेक्षाकृत बेहतर हैं, जबकि लोनी और वेद विहार-लोनी में एक्यूआई 100 के पार पहुंचा हुआ है। बारिश और बादलों की आवाजाही से दिल्ली-एनसीआर में तापमान पर नियंत्रण बना रहने की उम्मीद है।

स्वतंत्रता दिवस पर खुले आसमान के नीचे होने वाले कार्यक्रमों के दौरान हल्की बारिश जरूर चुनौती बन सकती है, लेकिन तेज गर्मी और लू जैसी स्थिति से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान में 15 से 20 अगस्त तक किसी चेतावनी का उल्लेख नहीं है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags