Samachar Nama
×

स्वतंत्रता दिवस को बनाएं खास, ओटीटी पर देखें देशभक्ति से भरपूर ये 5 वेब सीरीज

स्वतंत्रता दिवस को बनाएं खास, ओटीटी पर देखें देशभक्ति से भरपूर ये 5 वेब सीरीज
स्वतंत्रता दिवस को बनाएं खास, ओटीटी पर देखें देशभक्ति से भरपूर ये 5 वेब सीरीज

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश के कारण ज्यादातर लोगों की छुट्टी होती है। ऐसे में अगर आप इस दिन को खास बनाने के लिए देशभक्ति से भरपूर कुछ देखना चाहते हैं, तो हम आपके लिए देशभक्ति और अदम्य साहस पर आधारित कुछ ऐसी वेब सीरीज की लिस्ट लेकर आए हैं, जिसे आप आराम से घर में बैठकर अपने परिवारवालों और दोस्तों के साथ देखकर इस दिन को और खास बना सकते हैं। यकीन मानिए कि इन वेब सीरीज का एक एपिसोड देखने के बाद आप अपने आप को दूसरे एपिसोड देखने से रोक नहीं पाएंगे।

देशभक्ति, सस्पेंस, एक्शन और रोमांच से भरपूर कुछ प्रमुख भारतीय वेब सीरीज में 'स्पेशल ऑप्स', 'द फैमिली मैन', 'अवरोध: द सीज विदिन', 'द फॉरगॉटन आर्मी - आजादी के लिए', 'रॉकेट बॉयज', आदि शामिल हैं। इन सीरीजों में आपको देश के सैनिकों, खुफिया एजेंटों और जांबाजों के साहस और बलिदान की कहानी देखने को मिलेगी।

देशभक्ति और अदम्य साहस पर आधारित वेब सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में आपको रॉ के एक एजेंट 'हिम्मत सिंह' की कहानी देखने को मिलेगी, जो 2001 में संसद पर हुए हमले के मास्टरमाइंड की दशकों तक तलाश करते हैं। इसमें आपको 'के के मेनन' और 'करण टैकर' जैसे कलाकारों की बेहतरीन एक्टिंग देखने को मिलेगी। इस सीरीज को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

'द फैमिली मैन' सीरीज में आप अभिनेता मनोज बाजपेयी को श्रीकांत तिवारी, एक सीक्रेट एजेंट का किरदार निभाते हुए देखेंगे, जो गुप्त तरीके से देश को आतंकवाद से बचाते हैं। इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

'अवरोध: द सीज विदिन' देशभक्ति पर आधारित एक ऐसी सीरीज है, जो वर्ष 2016 में हुई उरी सर्जिकल स्ट्राइक और भारतीय सेना के पराक्रम पर आधारित है। इसे आप सोनी लिव पर देख सकते हैं।

'द फॉरगॉटन आर्मी - आजादी के लिए' सीरीज में आपको नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज (आईएनए) के उन वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान की कहानी देखने को मिलेगी, जिन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 'चलो दिल्ली' के नारे के साथ देश को अंग्रेजों से मुक्त कराने के लिए संघर्ष किया था। इसमें आपको सनी कौशल, शरवरी वाघ, शाहरुख खान जैसे कलाकारों की जबरदस्त एक्टिंग देखने को मिलेगी, जिसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

'रॉकेट बॉयज' सीरीज में आपको महान वैज्ञानिक डॉ. होमी भाभा और डॉ. विक्रम साराभाई के जीवन के साथ देश के अंतरिक्ष व परमाणु विज्ञान की शुरुआत देखने को मिलेगी, जिसे आप सोनी लिव पर देख सकते हैं।

इसके अलावा आप 'द टेस्ट केस', 'कोड एम', 'कमांडर करण सक्सेना', 'स्टेट ऑफ सीज: 26/11', और 'मुंबई डायरीज 26/11' जैसे अन्य सीरीज भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देख सकते हैं, जो भारतीय सेना के अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना से भरपूर हैं।

--आईएएनएस

डीके/एएस

Share this story