नीशू आजाद के पिता से मारपीट का आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, फुटेज में देंखे बुलंदशहर से पकड़ा गया
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय के साथ मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली पुलिस की हिरासत में रखा गया है। स्वतंत्र पर आरोप है कि उसने 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय के साथ मारपीट की थी।
गिरफ्तारी से पहले मीडिया से की बात
स्वतंत्र भारद्वाज को पकड़े जाने से कुछ समय पहले उसने हसनपुर में मीडिया से करीब तीन मिनट तक बातचीत की थी। इस दौरान उसने दावा किया था कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसने कहा, “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चाहे पूरा विपक्ष एकजुट हो, मेरा बाल बांका नहीं कर सकता।”अब उसकी गिरफ्तारी के बाद इस बयान की भी चर्चा हो रही है। पुलिस ने उसे बुलंदशहर से पकड़ा और इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
संसद मार्ग थाने के बाहर CJP का प्रदर्शन
स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर CJP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने करीब तीन घंटे तक धरना दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
23 जून को जंतर-मंतर पर मारपीट का आरोप
पूरा मामला 23 जून का है। नीशू आजाद ने आरोप लगाया था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद मामले को लेकर विवाद बढ़ गया था और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठाई जा रही थी।इसी बीच स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वह कथित तौर पर संजय पर हमला करने की बात स्वीकार करता हुआ नजर आया। हालांकि, स्वतंत्र ने इस कार्रवाई को सेल्फ डिफेंस बताया था। उसका कहना था कि उसने खुद को बचाने के लिए ऐसा किया।
सौरव दास ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद CJP से जुड़े सौरव दास ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जब आरोपी खुद संजय पर हमला करने की बात स्वीकार कर रहा है, तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।इस मामले को लेकर CJP कार्यकर्ताओं की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी गई थी। शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और इसके कुछ समय बाद स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई।फिलहाल स्वतंत्र दिल्ली पुलिस की हिरासत में है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि 23 जून को हुई घटना की परिस्थितियां क्या थीं और मारपीट के मामले में किसकी क्या भूमिका रही।

