स्वस्थ आलोचना स्वीकार, लेकिन आस्था का अपमान नहीं: गुरु प्रकाश
नोएडा, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने संसद में साधु के वेश में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन पर तीखी टिप्पणी की। इसके साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर विवाद पर पीएम मोदी के वीडियो संदेश को सराहा।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पप्पू यादव के भगवा कपड़े पहनने पर भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "यह निंदनीय, दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इन लोगों से और किसी चीज की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, जिन्होंने उनके जन्मस्थान पर भव्य राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, जिन्होंने मंदिर के बजाय वहां अस्पताल बनाने का सुझाव दिया।"
उन्होंने कहा कि पूरे देश और दुनिया के हिंदू आहत हैं। पप्पू यादव को माफी मांगना चाहिए। हमारे संस्कार और संविधान के अनुसार हम स्वस्थ आलोचना का स्वागत करते हैं।
दरअसल, यह बयान शुक्रवार को संसद में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के एक अनोखे विरोध प्रदर्शन के जवाब में आया। पप्पू यादव भगवा कपड़े पहनकर आए थे और उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाया। यादव के साथ विपक्ष के कई सांसद भी शामिल हुए और उन्होंने संसद में इस पर चर्चा की मांग की।
इस सांकेतिक विरोध के तहत विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों को दान पेटी में पैसे डालते देखा गया, जबकि पप्पू यादव अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले चढ़ावे को सांकेतिक रूप से अपनी जेब में डालते दिखे।
पीएम मोदी के वीडियो संदेश पर भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश कहते हैं, "प्रधानमंत्री बहुत बड़े दिल वाले इंसान हैं। दशकों से उन्होंने सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में त्याग, तपस्या और बलिदान की भावना दिखाई है। और यह वीडियो साफ तौर पर दिखाता है कि कैसे गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ इस पूरे मामले का दीर्घकालिक समाधान निकाला जा सकता है। पीएम मोदी सीधे संवाद कर रहे हैं, उनके दिल का तार सीधे तौर पर जुड़ा रहता है।"
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

