Samachar Nama
×

स्वच्छता पर मिलता है लक्ष्मी का आशीर्वाद: मोहन यादव

स्वच्छता पर मिलता है लक्ष्मी का आशीर्वाद: मोहन यादव
स्वच्छता पर मिलता है लक्ष्मी का आशीर्वाद: मोहन यादव

जबलपुर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा है कि यदि हम स्वच्छता के प्रतीक झाड़ू का सम्मान नहीं करते हैं, तो मां लक्ष्मी का हमें आशीर्वाद नहीं मिलता।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर के मानस भवन में आयोजित "सफाई मित्र सम्मान" समारोह में स्वच्छता के क्षेत्र में समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री यादव ने स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों को स्वच्छ और सुंदर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि संस्कारधानी, न्याय की नगरी और बाबा महाकाल के आशीर्वाद से इस नगर का समय बदला है। संगमरमर की नगरी भेड़ाघाट की पहचान रखने वाला हमारा जबलपुर अब स्वच्छता की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। यह परमात्मा की अद्भुत कृपा है। पूरे देश में जबलपुर सबसे स्वच्छ नगरों की श्रेणी में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि स्वच्छता की मिसाल जब भी कहीं देखने को मिलेगी, तो वह हमारे अपने जबलपुर से मिलेगी। सच कहूं, जब मेरा जबलपुर आने का कार्यक्रम बना, तो हमने कहा कि कर्मयोगी को प्रणाम अवश्य करेंगे, जिनके कारण यह अवसर मिला। आप सभी जबलपुरवासियों का हृदय से अभिनंदन है। एक बात सच है कि हमारी संस्कृति में स्वच्छता का कितना महत्व है, यह दीपावली के पर्व से भी स्पष्ट होता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर जब हम मां महालक्ष्मी की पूजा करते हैं, तो वहां स्वच्छता के प्रतीक झाड़ू का भी विशेष महत्व होता है। हमारी मान्यता है कि यदि हम स्वच्छता के इस प्रतीक को सम्मान नहीं देते, तो मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त नहीं होता। वास्तव में, हमारी संस्कृति इतनी समृद्ध और महान है कि वह स्वच्छता को भी पूजा और संस्कार का अभिन्न अंग मानती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई कर्मियों के सम्मान के साथ ही उन्हें आवश्यक उपकरण प्रदान करने के लिए नमस्ते योजना भी शुरू की है। हमने सफाई कर्मियों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभान्वित कराने का निर्णय भी लिया है।

उन्होंने आगे कहा, "जबलपुर-भोपाल-इंदौर-उज्जैन के लिए इकोनॉमिक कॉरिडोर की मैंने घोषणा की है। आरजीपीवी के तीन हिस्सों में एक विश्वविद्यालय जबलपुर में भी स्थापित होने वाला है। इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।"

मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के कार्यक्रम में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा कि ग्वालियर सहित इंदौर-देपालपुर, उज्जैन, देवास और बुदनी ने सफाई के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। राज्य सरकार वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए तत्पर है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएस

Share this story