'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में लखनऊ नंबर-1, सुरेश खन्ना बोले-यह संयुक्त प्रयासों का प्रभाव
लखनऊ, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ ने 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में मध्य प्रदेश के इंदौर को भी पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे साफ हवा वाले शहर का दर्जा हासिल किया है। यह लखनऊ के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि लंबे समय तक वायु प्रदूषण की समस्या से जूझने वाले शहरों की सूची में शामिल रहने के बाद अब राजधानी ने खुद को शीर्ष पर स्थापित किया है।
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में राज्य ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं और साफ हवा के मामले में देश में नंबर एक स्थान पाकर लखनऊ ने एक और नई उपलब्धि हासिल की है। मैं सभी को बधाई देता हूं। यह संयुक्त प्रयासों का प्रभाव है कि लखनऊ को आज स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में एक नंबर का स्थान मिला है।"
उन्होंने कहा कि यह सफलता सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि प्रशासन, नगर निगम और आम जनता के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। योगी सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जिसका असर अब दिखने लगा है।
वहीं, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने भी इस उपलब्धि का श्रेय शहर के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा, "इसका श्रेय लखनऊ के लोगों, नगर निगम और सफाई कर्मचारियों को जाता है। इस कोशिश में सभी ने योगदान दिया है। हम कदम-दर-कदम काम कर रहे हैं, जिसमें अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर स्टेशन बनाना भी शामिल है।"
उन्होंने बताया, "अगले छह महीनों में सभी ट्रांसफर स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। हमारी सड़क सफाई करने वाली गाड़ियां न सिर्फ धूल को नियंत्रित करती हैं, बल्कि हवा में धूल को फैलने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी करती हैं। सभी के सहयोग से ऐसे कई उपाय किए जा रहे हैं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

