Samachar Nama
×

'स्वच्छ भारत से विकसित भारत तक', तरुण चुघ का युवाओं को संदेश

'स्वच्छ भारत से विकसित भारत तक', तरुण चुघ का युवाओं को संदेश
'स्वच्छ भारत से विकसित भारत तक', तरुण चुघ का युवाओं को संदेश

नई दिल्‍ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद तरुण चुघ ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के दयाल सिंह कॉलेज का दौरा किया और 'जेन-जी' से बातचीत की। उन्होंने कहा कि देश के युवा महात्मा गांधी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान दे रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने में युवाओं का विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने दिल्ली के स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन है।

तरुण चुघ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती है। उससे एक दिन पूर्व यानी एक अक्टूबर को देश के प्रतिष्ठित कॉलेज में विचार गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें महात्मा गांधी के सिद्धांतों को लेकर आगे कैसे जाना है पर चर्चा हुई। भारत की आजादी के सौ साल 2047 में पूरे होंगे। ऐसे में भारत के लिए हम सबको कितना और कैसे योगदान देना है। पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प के लिए हर नौजवान को साकार करने में जिम्मेदार बनना है। युवा पीढ़ी भारत को हर क्षेत्र में आगे ले जाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत की चमक और धमक स्पष्ट रूप से दिख रही है। देश के युवाओं की मेहनत निश्चित रूप से 2047 तक विकसित भारत बनाएगी।

दिल्ली में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि महात्मा गांधी ने नागरिक कर्तव्यों की बात कही है, इनमें स्वच्छता सबसे ऊपर है। स्वच्छता केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। इसको पीएम मोदी ने 2014 के बाद देश के हर नागरिक को महात्मा गांधी के इस सिद्धांत से प्रेरित किया है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story