Samachar Nama
×

गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार: फुटेज में देंखे वडोदरा से राइफल और 20 से ज्यादा कारतूस बरामद, ATS का बड़ा ऑपरेशन जारी

गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार: फुटेज में देंखे वडोदरा से राइफल और 20 से ज्यादा कारतूस बरामद, ATS का बड़ा ऑपरेशन जारी

गुजरात में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने वडोदरा से आरोपी को पकड़ा है। उसके पास से एक राइफल और 20 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गुजरात ATS के एक अधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में ATS का बड़ा ऑपरेशन जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। इसके अलावा यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि उसके पास हथियार कहां से आए और वह किस तरह की आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।

पहले भी गुजरात और MP से पकड़े गए थे 8 संदिग्ध

इससे पहले 3 जुलाई को गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्धों को गुजरात और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। इन सभी को अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए पकड़ा गया था। गिरफ्तार आरोपियों में दो की उम्र 18 और 19 साल थी। जांच में सामने आया था कि ये लोग गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे।

ATS को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आतंकी संगठन के लिए काम कर रहे हैं और राज्य में नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी में हैं। इसके बाद एजेंसी ने पांच अलग-अलग टीमें बनाकर अभियान चलाया था। इन टीमों ने गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटण जिलों के अलावा मध्य प्रदेश के देवास में कार्रवाई की थी।

पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी

जांच के दौरान पता चला था कि गिरफ्तार किए गए सभी आठ संदिग्ध गुजरात के ही रहने वाले हैं। वे एक पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे। एजेंसियों को आशंका थी कि इन लोगों के जरिए गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद की गतिविधियों को बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश की जा रही थी।

अब वडोदरा से हुई नई गिरफ्तारी को भी सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं। आरोपी के पास से हथियार और जिंदा कारतूस मिलने के बाद उसके संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच की जा रही है। ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसका संबंध पहले गिरफ्तार किए गए संदिग्धों या किसी अन्य नेटवर्क से है।फिलहाल पूछताछ और जांच जारी है। एजेंसियों की ओर से आरोपी की पहचान, उसके नेटवर्क और संभावित साजिश को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Share this story

Tags