सूर्या हत्याकांड पर विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल बोले, यह सिर्फ हत्या नहीं, सामाजिक विश्वास पर भी हमला
दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बकरीद के दिन एक नाबालिग हिंदू बालक से यह पूछा गया कि क्या उसने कुर्बानी देखी है और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। विनोद बंसल ने कहा कि उस मासूम बच्चे की हत्या जिस क्रूर और बर्बर तरीके से की गई, उसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या या कानून व्यवस्था का उल्लंघन नहीं है, बल्कि उस विश्वास की भी हत्या है जो हिंदू समाज अपने मुस्लिम मित्रों और पड़ोसियों के प्रति रखता है। यह घटना उस सोच पर भी सवाल खड़े करती है जो ईद और बकरीद को शांति, सद्भाव और भाईचारे का पर्व मानती है। यह उस धारणा पर भी आघात है जो इस्लाम को शांति का धर्म बताती है।
विनोद बंसल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक समाज शांति के नाम पर ऐसे मामलों को नजरअंदाज करता रहेगा। कब तक हिंदू परिवार अपने बच्चों को इस तरह की घटनाओं में खोते रहेंगे। उन्होंने हिंदू समाज से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज को ऐसे तत्वों के प्रति जागरूक रहना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी का एनकाउंटर किया है और कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि अभी कुछ साजिशकर्ता बाहर हैं, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि पुलिस उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करेगी।
विनोद बंसल ने कहा कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत अब इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी

