Samachar Nama
×

सुर्खियों में रहने के लिए नीतीश कुमार को लेकर गलत बयानबाजी करते हैं तेजस्वी यादवः साकेत सिंह

पटना, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के शपथ लेने पर तेजस्वी यादव की टिप्पणी के बाद जदयू नेता साकेत सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर नीतीश कुमार को लेकर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
सुर्खियों में रहने के लिए नीतीश कुमार को लेकर गलत बयानबाजी करते हैं तेजस्वी यादवः साकेत सिंह

पटना, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के शपथ लेने पर तेजस्वी यादव की टिप्पणी के बाद जदयू नेता साकेत सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर नीतीश कुमार को लेकर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया।

एक दिन पहले शुक्रवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था, "मैंने पहले ही कहा था कि उन्हें शांतिपूर्वक काम नहीं करने दिया जाएगा। नीतीश कुमार की राज्यसभा जाने की कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं थी। चुनाव के समय एनडीए के नेता 25 से 30 साल तक नीतीश कुमार के नेतृत्व की बात कर रहे थे लेकिन अब अचानक सरकार में बदलाव किया जा रहा है। अगर यही निर्णय लेना था, तो चुनाव से पहले क्यों नहीं बताया गया।"

तेजस्वी यादव के इस बयान पर जदयू नेता साकेत सिंह ने कहा, "नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने शपथ ग्रहण के लिए तिथि निर्धारित की थी लेकिन ये हसरत पूरी नहीं हो सकी, इसलिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। हमारे नेता नीतीश कुमार ने बिहार में ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है कि उनका नाम लिए बगैर किसी की नैया पार नहीं लगेगी। इसलिए बार-बार तेजस्वी प्रसाद नीतीश कुमार का नाम ले रहे हैं। नीतीश कुमार का नाम लेने से तेजस्वी का भविष्य में कल्याण हो सकता है।"

साकेत सिंह ने कहा, "तेजस्वी यादव को जनता ने नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दिया नहीं है; वह केवल नाम के हैं। अभी विदेश घूमकर आए हैं और अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। सुर्खियों में रखने के लिए ऐसी बयानबाजी करते रहते हैं।"

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने पर साकेत सिंह ने कहा, "मैं और पूरे बिहार की जनता यह कभी नहीं चाहती थी। हालांकि नीतीश कुमार ने निर्णय ले लिया, तो हम लोगों ने भारी मन से समर्थन दिया है। नीतीश कुमार जैसा न पहले कोई था और न कोई होगा। नीतीश कुमार ने जो बिहार के लिए किया है, वह इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। आने वाली पीढ़ी भी नीतीश कुमार को याद रखेंगे। हमारी मांग है कि निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाए।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags