सुरेश रैना: टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज, विश्व कप 2011 में निभाई थी अहम भूमिका
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने अपने इंटरनेशनल करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए। वह टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज रहे। इसके साथ ही उन्होंने वनडे विश्व कप 2011 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।
सुरेश रैना का जन्म 27 नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में हुआ। रैना की क्रिकेट में दिलचस्पी अपने बड़े भाई मुकेश को क्रिकेट खेलते देखकर जागी। वह मुरादनगर के वीनस क्रिकेट क्लब में भाई के साथ जाया करते थे। रैना ने जल्द ही इस खेल में अपना करियर बनाने की ठान ली। रैना ने क्लब स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और जल्द ही उत्तर प्रदेश की अंडर-16 टीम में जगह बना ली। अंडर-17 और अंडर-19 टीमों के लिए दमदार प्रदर्शन करने के बाद रैना ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू साल 2003 में किया।
घरेलू क्रिकेट में रैना ने लगातार अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया। 109 फर्स्ट-क्लास मैचों में रैना ने 42.15 की औसत से खेलते हुए 6,871 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 45 अर्धशतक लगाए। रैना को भारतीय टीम से पहली बार बुलावा साल 2005 में आया। उन्होंने अपना इंटरनेशनल डेब्यू श्रीलंका के खिलाफ 2005 में किया। इसके ठीक एक साल बाद यानी 2006 में रैना ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और सूझबूझ भरी पारियां खेलकर रैना ने जल्द ही भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
2 मई, 2010 को टी20 विश्व कप के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलते हुए रैना ने शतकीय पारी खेली। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। रैना क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट में शतक लगाने वाले भी पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने 60 गेंदों में 101 रन बनाए।
वहीं, वनडे विश्व कप 2011 में भी रैना ने भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 34 रनों की अहम पारी खेली, तो सेमीफाइनल में अंत के ओवरों में उनके द्वारा खेली गई 36 रनों की पारी भारतीय टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हुई।
रैना 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। रैना ने भारत के लिए खेले 226 वनडे मैचों में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए। वहीं, 78 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 134 के स्ट्राइक रेट से 1,605 रन बनाए। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में रैना को सिर्फ 16 टेस्ट मैच खेलने का ही मौका मिला और इस दौरान उन्होंने 768 रन बनाए। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने कुल 7 शतक और 48 अर्धशतक लगाए। रैना ने एमएस धोनी के साथ ही 15 अगस्त, 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था।
--आईएएनएस
एसएम/एएस

