Samachar Nama
×

सुरभि चंदना के घर गणपति भोग से पहले हुआ गैस लीक, बोलीं-'जब बप्पा साथ हों तो कोई बाधा बड़ी नहीं'

सुरभि चंदना के घर गणपति भोग से पहले हुआ गैस लीक, बोलीं-'जब बप्पा साथ हों तो कोई बाधा बड़ी नहीं'
सुरभि चंदना के घर गणपति भोग से पहले हुआ गैस लीक, बोलीं-'जब बप्पा साथ हों तो कोई बाधा बड़ी नहीं'

मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी एक्ट्रेस सुरभि चंदना ने हाल ही में गणेश चतुर्थी के दौरान हुई एक ऐसी घटना का खुलासा किया, जिसने भोग तैयार करने से ठीक पहले उनके परिवार की टेंशन बढ़ा दी थी। सुरभि ने बताया कि जब उनके घर में गणपति बप्पा को भोग लगाने और मेहमानों को खाना परोसने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक गैस हॉब ने काम करना बंद कर दिया। इतना ही नहीं, परिवार को गैस लीकेज का भी पता चला। कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि समय पर भोग तैयार करना मुश्किल होगा, लेकिन आखिरकार सब कुछ ठीक हो गया और समय पर बप्पा को भोग चढ़ाया गया।

सुरभि चंदना ने इस पूरे अनुभव को 'चमत्कारी' बताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ''शुक्र है बप्पा आ गए। छोटी सी कहानी... तीन साल में पहली बार हमारे साथ कुछ ऐसा हुआ, जो वाकई चमत्कारी था। बप्पा को भोग और मेहमानों को खाना परोसने से ठीक पहले हमारा गैस हॉब अचानक काम करना बंद हो गया और गैस लीकेज भी हो रही थी। एक पल के लिए लगा कि समय पर बप्पा और मेहमानों के लिए भोग तैयार करना और परोसना नामुमकिन है।'

सुरभि ने आगे कहा, ''मुश्किल की इस घड़ी में पूरा परिवार साथ आया और किसी तरह स्थिति को संभाल लिया। सबने मिलकर समस्या को ठीक किया। बप्पा की कृपा से समय पर भोग लग सका। शायद इसलिए उन्हें 'विघ्नहर्ता' कहते है, जो पल कुछ देर के लिए घबराहट से भरा था, वही बाद में एक खूबसूरत याद बन गया। जब बप्पा साथ हों तो कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती। गणपति बप्पा मोरया।''

सुरभि ने इस मौके की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं। एक तस्वीर में वह अपने पति करण शर्मा के साथ हाथ जोड़कर बप्पा के सामने खड़ी नजर आ रही है। इसके अलावा वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी कैमरे के लिए पोज देते हुए दिखी।

तस्वीरों में सुरभि का ट्रेडिशनल आउटफिट बेहद खूबसूरत था। एक्ट्रेस ने शिमरी और स्टोन-एम्बेलिश्ड सूट पहना था। इसके साथ उन्होंने व्हाइट नेकलेस और मैचिंग ईयररिंग्स पहने। उन्होंने अपना मेकअप काफी हल्का रखा।

बता दें कि सुरभि चंदना और बिजनेसमैन करण शर्मा ने 2 मार्च 2024 को जयपुर में शादी की थी। शादी के बाद यह उनका यह तीसरा गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story