भारत-अमेरिका डील पर बोले संजय निरुपम, सुरक्षित किसान ही विकसित भारत की बुनियाद
मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की सुरक्षा और समृद्धि के बिना देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह स्पष्ट संकल्प दोहराया है कि जब तक देश का किसान सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर नहीं होगा, तब तक 'विकसित भारत' का सपना अधूरा रहेगा।
संजय निरुपम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि देश में करोड़ों लोगों को भोजन उपलब्ध कराने वाले किसान ही असली अन्नदाता हैं। किसान हमारे लिए माई-बाप के समान हैं। सरकार का लक्ष्य है कि अब कोई किसान आत्महत्या न करे, कोई किसान गरीब न रहे, और हर किसान अपनी उम्मीदों, आकांक्षाओं और इच्छाओं के अनुसार समृद्ध हो। निरुपम ने कहा कि सुरक्षित किसान ही विकसित भारत की बुनियाद है।
उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि अमेरिकी प्रशासन ने कार्यकारी आदेश जारी कर भारत से निर्यात होने वाले उत्पादों पर बढ़ाए गए टैरिफ को वापस ले लिया है। अब अमेरिका भेजे जाने वाले भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। निरुपम ने इसे भारत सरकार के सतत प्रयासों और धैर्यपूर्ण कूटनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड टॉक्स और अलग-अलग स्तर पर हुई बातचीत के जरिए अपने हितों की मजबूती से रक्षा की है।
संजय निरुपम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब सिर्फ सोशल मीडिया की राजनीति तक सीमित रह गई है। कांग्रेस सोशल मीडिया पर ही चुनाव लड़ती है, वहीं सरकार बना लेती है और वहीं संसद की कार्यवाही भी चला देती है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करना ही उनकी राजनीति रह गई है।
उन्होंने रूसी तेल को लेकर उठ रहे सवालों पर स्पष्ट किया कि रूस से आने वाले कच्चे तेल का बहुत छोटा हिस्सा ही सरकारी कंपनियां खरीदती हैं, जबकि बड़ा हिस्सा निजी तेल कंपनियों द्वारा खरीदा जाता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पास कच्चे तेल की उपलब्धता को लेकर पर्याप्त विकल्प हैं और देश के हितों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा जरूरतें पूरी की जाएंगी।
इसके अलावा संजय निरुपम ने मुंबई की राजनीति और नगर निगम से जुड़े घटनाक्रम पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महापौर पद महिला के लिए आरक्षित होने के कारण भाजपा की ओर से रितु तावड़े का नाम महापौर पद के लिए प्रस्तावित किया गया है। वहीं, महायुति में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते शिवसेना के हिस्से उप-महापौर का पद आया है, जिसके लिए वरिष्ठ पार्षद संजय घाडी का नाम आगे किया गया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी

