परिसीमन बिल के समर्थन के बदले सुप्रिया सुले को मंत्री पद! वीडियो में जाने शरद पवार की पार्टी ने महाराष्ट्र में भी मांगी सत्ता में हिस्सेदारी
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करने के बदले सत्ता में हिस्सेदारी की मांग कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। बताया जा रहा है कि परिसीमन बिल पर समर्थन के बदले पार्टी केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह सत्ता में भागीदारी चाहती है। हालांकि, सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने और महाराष्ट्र में मंत्री पद मिलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जितेंद्र आव्हाड ने किया समर्थन का ऐलान
NCP-SP के विधायक और वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन की प्रक्रिया जरूरी है और सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में बढ़ाई जानी चाहिए।पार्टी के पास महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में 8 सांसद हैं। ऐसे में परिसीमन बिल को लेकर उसका समर्थन केंद्र सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने अपने सभी आठ लोकसभा सांसदों को संसद के विशेष सत्र में उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया है।
PM मोदी और शरद पवार की बातचीत की भी चर्चा
करीब 24 दिन पहले शरद पवार अस्पताल में भर्ती थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन किया था। पवार के करीबी विट्ठल मनियार के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था, 'सुप्रिया अब तैयार हैं। हम दोनों मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए।'इस बातचीत के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब परिसीमन बिल पर NCP-SP के समर्थन और सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावनाओं को लेकर फिर से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
NCP-SP के रुख से महाराष्ट्र कांग्रेस नाराज है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शरद पवार और सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने शरद पवार का समर्थन करने के लिए अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था।महाराष्ट्र कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस ने शरद पवार को राज्यसभा पहुंचाने में सहयोग किया, तो अब उनकी पार्टी भाजपा सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन क्यों कर रही है। कांग्रेस ने इसे INDIA गठबंधन की एकजुटता के लिए भी महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र
परिसीमन बिल को लेकर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों की नजर इस सत्र पर टिकी है। NCP-SP के समर्थन के बावजूद पार्टी के सभी सांसदों को अभी आधिकारिक रुख स्पष्ट रूप से बताया गया है या नहीं, इसे लेकर भी सवाल उठे हैं। अब देखना होगा कि संसद में मतदान के दौरान पार्टी के सभी सांसद एक साथ सरकार के पक्ष में वोट करते हैं या नहीं।

