सुप्रीम कोर्ट बोला- बच्चे माता-पिता की प्रॉपर्टी या खिलौने नहीं, वीडियो में जानें मां से अलग करने से किया इनकार; पिता महीने में 2 दिन मिल सकेंगे
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले में अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि बच्चे माता-पिता की प्रॉपर्टी या खिलौने नहीं हैं। किसी नाबालिग बच्चे का अभिभावक तय करते समय अदालत के लिए सबसे महत्वपूर्ण उसका कल्याण होना चाहिए। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने तलाकशुदा दंपती के दो बेटों को मां से अलग करने से इनकार कर दिया। दोनों बच्चे मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं। हालांकि, कोर्ट ने पिता को बच्चों से मिलने का अधिकार दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने पिता को हर महीने दो दिन बच्चों से मुलाकात की अनुमति दी है। यह मुलाकात सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मदुरै के गांधी म्यूजियम में होगी। अदालत के इस फैसले में बच्चों के मौजूदा रहन-सहन और उनके हितों को प्राथमिकता दी गई है।
मां ने मद्रास हाईकोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती
यह मामला दो बेटों की कस्टडी से जुड़ा है, जिनकी उम्र अब 16 और 14 साल है। बच्चों की मां ने मद्रास हाईकोर्ट के अक्टूबर 2024 के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा था, जिसमें दोनों बच्चों की कस्टडी पिता को देने का आदेश दिया गया था।
इसके बाद मां ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। शीर्ष अदालत के सामने मुख्य सवाल यह था कि क्या लंबे समय से मां के साथ रह रहे बच्चों की कस्टडी पिता को सौंपना उचित होगा? पिता बच्चों के प्राकृतिक अभिभावक हैं, लेकिन अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल इस आधार पर कस्टडी का फैसला नहीं किया जा सकता।
मई 2014 से मां के साथ रह रहे हैं दोनों बच्चे
सुनवाई के दौरान सामने आया कि दोनों बच्चे मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं। इस दौरान उनका रहन-सहन और देखभाल मां के साथ ही होती रही है। सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के जीवन में स्थिरता और उनके कल्याण को ध्यान में रखते हुए उन्हें मां से अलग करने से इनकार कर दिया।
बेंच ने कहा कि नाबालिग की कस्टडी तय करने में सबसे बड़ा आधार उसका हित और कल्याण होना चाहिए। माता-पिता के अधिकारों से ज्यादा महत्वपूर्ण बच्चे का बेहतर भविष्य और उसकी जरूरतें हैं।
2009 में हुई थी शादी, 2018 में तलाक
कोर्ट के सामने पेश मामले के मुताबिक, दंपती की शादी अगस्त 2009 में हुई थी। उनके दो बेटों का जन्म जुलाई 2010 और मई 2012 में हुआ था। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों की ओर से चार मामले दर्ज कराए गए।
पिता ने तलाक की याचिका भी दायर की थी। क्रूरता के आधार पर विवाह समाप्त करते हुए तलाक मंजूर कर लिया गया। दोनों पति-पत्नी वर्ष 2014 से अलग रह रहे थे और 2018 में उनका विवाह कानूनी रूप से समाप्त हो गया।
पिता को हर महीने दो दिन मिलने की अनुमति
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों की कस्टडी मां के पास रखने का फैसला किया है, लेकिन पिता को उनसे मिलने का अधिकार भी दिया है। इसके तहत पिता हर महीने दो दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मदुरै के गांधी म्यूजियम में बेटों से मुलाकात कर सकेंगे।
अदालत की टिप्पणी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की कस्टडी का फैसला माता-पिता के बीच अधिकारों की लड़ाई के आधार पर नहीं, बल्कि बच्चों के हितों को सर्वोपरि रखकर किया जाना चाहिए।

