Samachar Nama
×

CJI सूर्यकांत से बदसलूकी करने वाले वकील को सुप्रीम कोर्ट का अवमानना नोटिस, 20 जनवरी 2027 तक मांगा जवाब

CJI सूर्यकांत से बदसलूकी करने वाले वकील को सुप्रीम कोर्ट का अवमानना नोटिस, 20 जनवरी 2027 तक मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक वकील के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत ने बुधवार को वकील को अवमानना का नोटिस जारी कर जवाब मांगा। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर की गई है। बार एसोसिएशन ने वकील के व्यवहार को लेकर अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की थी।

जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ ने वकील को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने उन्हें अपना जवाब दाखिल करने के लिए 20 जनवरी 2027 तक का समय दिया है।

CJI सूर्यकांत से बोले थे- आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं

यह पूरा मामला सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान सामने आया था। एक वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में जल्द सुनवाई की मांग कर रहे थे। सुनवाई के दौरान जब CJI सूर्यकांत ने उन्हें इंतजार करने के लिए कहा, तो वकील नाराज हो गए।

आरोप है कि वकील ने मुख्य न्यायाधीश से कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई गई है।

उस समय CJI सूर्यकांत की अगुआई वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। बताया गया कि वकील ने तय प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी थी।

इस पर जस्टिस वी. मोहना ने उन्हें समझाया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के बिना इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते। इसके बाद CJI सूर्यकांत ने कहा कि वे उनका आवेदन देखेंगे और उन्हें कुछ देर इंतजार करना चाहिए। इसी बात पर वकील भड़क गए।

कोर्ट की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद की गई

CJI के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद कोर्ट की कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई। वहां मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले गए।

घटना के बाद कोर्ट में मौजूद अन्य वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने SCBA की याचिका पर अवमानना नोटिस जारी कर वकील से जवाब मांगा है।

जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के खिलाफ हुई थी अभद्र टिप्पणी

जुलाई में भी सुप्रीम कोर्ट में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। उस दौरान याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने अदालत में हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे। हालांकि, उस समय सुनवाई कर रही पीठ में CJI सूर्यकांत मौजूद नहीं थे।

इस मामले में पीठ ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान नजर आ रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं।

इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले याचिकाकर्ताओं की आवाज और वीडियो बंद करना शुरू कर दिया था।

अक्टूबर 2025 में CJI बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश

सुप्रीम कोर्ट में इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी एक गंभीर घटना हुई थी। 6 अक्टूबर 2025 को सुनवाई के दौरान 71 वर्षीय वकील राकेश किशोर ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की तरफ जूता फेंकने की कोशिश की थी।

बताया गया कि वकील भगवान विष्णु की मूर्ति से जुड़े एक मामले में CJI की टिप्पणी से नाराज थे। घटना के दौरान उन्होंने धार्मिक नारे भी लगाए थे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें कोर्ट रूम से बाहर कर दिया।

CJI बीआर गवई ने इस घटना पर संयम दिखाते हुए सुनवाई जारी रखने को कहा था। वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने संबंधित वकील को वकालत की प्रैक्टिस से निलंबित कर दिया था।

फिलहाल, CJI सूर्यकांत के खिलाफ टिप्पणी करने वाले वकील को जारी अवमानना नोटिस पर उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार है। उन्हें 20 जनवरी 2027 तक सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल करना होगा।

Share this story

Tags