Samachar Nama
×

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, संपत्ति जांच का आदेश रद्द; वीडियो में जाने CBI-ED जांच पर नए सिरे से सुनवाई होगी

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, संपत्ति जांच का आदेश रद्द; वीडियो में जाने CBI-ED जांच पर नए सिरे से सुनवाई होगी

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संपत्ति जांच मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें राहुल गांधी की कथित आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की CBI और ED से जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। शीर्ष अदालत ने मामला दोबारा इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी का पक्ष सुना जाए और उसके बाद नए सिरे से फैसला लिया जाए।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ ने यह आदेश दिया। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल अदालत में पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई नए सिरे से करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को नई पीठ गठित करने का निर्देश भी दिया है।

BJP कार्यकर्ता ने दाखिल की थी याचिका

दरअसल, कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दाखिल की थी। इसमें राहुल गांधी और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने की मांग की गई थी।याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति है। इसी शिकायत के आधार पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मई में CBI और ED को आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन करने और मामले में हुई प्रगति की जानकारी देने को कहा था।इसके बाद 20 जुलाई को हाईकोर्ट ने CBI की ओर से दाखिल हलफनामे पर असंतोष जताया था और जांच की प्रगति को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी थी।

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनका कहना था कि याचिकाकर्ता को इस मामले में याचिका दाखिल करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने याचिकाकर्ता की पहचान और उसकी योग्यता पर भी सवाल उठाए थे।राहुल गांधी की ओर से यह सवाल भी उठाया गया था कि गोपनीय प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी अखबारों में कैसे प्रकाशित हुई। उनके वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना उनके खिलाफ आदेश जारी करना उचित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।

17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी रोक

इस मामले में 17 अगस्त को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। पीठ ने पूछा था कि राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने का मौका दिए बिना उनके खिलाफ आदेश क्यों जारी किए गए?इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को आगे की सुनवाई स्थगित करने का निर्देश दिया था। साथ ही CBI और ED को भी हाईकोर्ट के पहले के आदेशों के तहत अपनी रिपोर्ट दाखिल करने से रोक दिया था।

अब नए सिरे से होगी सुनवाई

बुधवार के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के सभी संबंधित आदेश रद्द कर दिए। अदालत ने निर्देश दिया कि मामले की सुनवाई खुली अदालत में नई पीठ के सामने शुरू की जाए। याचिकाकर्ता को राहुल गांधी को भी मामले में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया गया है।सुप्रीम कोर्ट ने याचिका की सुनवाई योग्य होने और याचिकाकर्ता के अधिकार समेत सभी पक्षों की दलीलों को खुला रखा है। यानी संपत्ति से जुड़े आरोपों पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट में राहुल गांधी का पक्ष सुनने के बाद मामले पर नए सिरे से विचार किया जाएगा।

Share this story

Tags