सनी देओल बेटे करण के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे, बोले- यहां पहुंचकर आनंदमय महसूस हो रहा
मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता सनी देओल अपनी आगामी विभाजन पर आधारित फिल्म 'बंटवारा 1947' में पहली बार बेटे करण देओल के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। हाल ही में अभिनेता अपने बेटे के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गए थे, जिसकी कुछ झलकियां उन्होंने सोमवार को शेयर की।
अभिनेता सनी देओल और उनके बेटे-एक्टर करण ने एक कोलेबोरेटिव पोस्ट शेयर की, जिसमें दोनों प्रार्थना करते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही, कड़ा प्रसाद लेते हुए दिखाई दिए। दोनों का मानना है कि इस आध्यात्मिक यात्रा के बाद वे धन्य महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा, "श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र जन्मास्थान, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब जाकर सच में आनंदमय महसूस हो रहा है।"
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब सिखों के पांच पवित्र तख्तों (पीठों) में से एक, सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है। गुरु गोबिंद सिंह का जन्म पटना में हुआ था।
सनी और करण की फिल्म 'बटवारा 1947' का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। यह उन आम लोगों की जिंदगी को दिखाती है जो इस विभाजन से प्रभावित हुए थे। कहानी में एक हिंदू परिवार को दिखाया गया है जो लाहौर से भारत आता है और उन्हें एक हवेली मिलती है जो पहले एक मुस्लिम परिवार की थी। कहानी में मोड़ तब आता है जब उन्हें पता चलता है कि उस हवेली में एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला अभी भी रह रही है। इसी स्थिति से इंसानी रिश्तों, भावनाओं और संघर्ष की एक गहरी कहानी पेश की जाएगी।
फिल्म में सनी देओल, करण देओल, अली जफर, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

