Samachar Nama
×

सुनीता आहूजा के सपोर्ट में आईं कश्मीरा शाह, कहा- मैं अपने परिवार की महिलाओं के साथ हूं

सुनीता आहूजा के सपोर्ट में आईं कश्मीरा शाह, कहा- मैं अपने परिवार की महिलाओं के साथ हूं
सुनीता आहूजा के सपोर्ट में आईं कश्मीरा शाह, कहा- मैं अपने परिवार की महिलाओं के साथ हूं

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच जारी तनाव पर अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने प्रतिक्रिया दी है। गोविंदा के भांजे कृष्णा की पत्नी कश्मीरा ने मीडिया संग बातचीत में कहा है कि वे इस मामले में अपनी मामी सुनीता के साथ हैं।

कश्मीरा का कहना है कि वे अपने परिवार को बिखरने नहीं देंगी, चाहे जो भी हो वह उसे बचाएंगी। टेलीविजन अभिनेता अभिषेक कुमार की बर्थडे पार्टी के बाहर खड़े पैपराजी ने जब कश्मीरा शाह से बात करते हुए इस सिचुएशन के बारे में पूछा गया।

कश्मीरा ने पैप्स पर भड़कते हुए कहा, "जब उन्होंने एक-दूसरे को छोड़ दिया है, तो आप उन्हें अकेला क्यों नहीं छोड़ देते? आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?"

उन्होंने आगे कहा कि वह सुनीता के साथ खड़ी हैं और बताया कि वह आमतौर पर पब्लिक में बोलने से बचती रही हैं। अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने कहा, "मैं सुनीता मामी के साथ हूं। उन्होंने पहले कभी नहीं बोला है, कभी नहीं कहा कि यह गलत है, लेकिन अगर आज वह कुछ कह रही हैं, तो जरूर कुछ गड़बड़ है।"

उन्होंने आगे यह भी साफ किया कि परिवार में चल रहे विवाद के बीच वह अपने परिवार के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार की सभी महिलाओं के साथ खड़ी रहूंगी। साथ ही, अपने परिवार को हर हाल में बचाऊंगी।"

सुनीता के लिए कश्मीरा का सपोर्ट उस वक्त आया है, जब कुछ महीने पहले ही दोनों ने अपने पुराने झगड़ों को भुला दिया था।

दरअसल, अभिनेत्री कश्मीरा शाह उनकी मामी सुनीता के बीच पिछले काफी सालों से मनमुटाव चल रहा था, जिसकी वजह से दोनों परिवार एक-दूसरे से दूर थे। यहां तक कश्मीरा की ननद यानी की आरती की शादी में सुनीता नहीं गई थी।

हालांकि, अप्रैल 2026 में 'लाफ्टर शेफ्स' शो के सेट पर दोनों के बीच का पुराना विवाद आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया। कश्मीरा ने सुनीता से माफी मांगी और सुनीता ने भी बड़े दिल से उन्हें माफ कर परिवार को फिर से जोड़ लिया।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story