सुदर्शन-गिल की जोड़ी का कमाल, आरसीबी के खिलाफ बनाया सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड
बेंगलुरु, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिडंत शुक्रवार को आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ हो रही है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में साई सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने जीटी की तरफ से आरसीबी के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 12.4 ओवर में 128 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई। यह गुजरात टाइटंस की तरफ से आरसीबी के खिलाफ खेलते हुए किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है।
सुदर्शन शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए, जबकि कप्तान गिल एक छोर को संभालकर खड़े रहे। गिल ने 24 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए।
वहीं, सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक लगाया। उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली। 172 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सुदर्शन ने 11 चौके और 5 छक्के लगाए। सुदर्शन के आगे आरसीबी के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए।
सुदर्शन-गिल ने आईपीएल में पहले विकेट के लिए पांचवीं बार शतकीय साझेदारी निभाई। गिल और सुदर्शन से ज्यादा पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर और शिखर धवन की जोड़ी के नाम है, जिन्होंने यह कारनामा 6 बार किया है।
सुदर्शन ने अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में 2 हजार रन भी पूरे किए। वह इस लीग में सबसे तेज 2 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने यह मुकाम अपने आईपीएल करियर की 47वीं पारी में हिस्सा लिया। सुदर्शन ने क्रिस गेल को इस मामले में पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2 हजार रन पूरे करने के लिए 48 पारियां ली थीं।
इस मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। जेसन होल्डर को इस सीजन पहली बार अंतिम एकादश में मौका दिया गया है, जबकि मानव सुथार की वापसी हुई है।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

