पुणे में बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत और 6 घायल; CCTV फुटेज आया सामने
महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें ट्रक को तेज रफ्तार में दूसरे वाहनों को ओवरटेक करते हुए देखा जा सकता है।
फुटेज में दिखाई देता है कि सफेद रंग का ट्रक सड़क पर दूसरे वाहनों से आगे निकलने की कोशिश करता है। इसी दौरान वह अचानक सड़क किनारे मुड़ता है और बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मार देता है। टक्कर के बाद ट्रक का संतुलन कुछ पल के लिए बिगड़ता है, लेकिन चालक वाहन नहीं रोकता और आगे बढ़ जाता है।इस दौरान ट्रक के साथ चल रहा एक ऑटो रिक्शा भी अनियंत्रित हो जाता है। वह सामने से आ रही कार से टकराने से बाल-बाल बचता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक बोपदेव घाट की ओर से नीचे उतर रहा था। उसमें डीजे का सामान लदा हुआ था। येवलेवाड़ी इलाके में कॉलेज के मुख्य गेट के सामने ट्रक ने सबसे पहले आगे चल रही एक हुंडई कार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे बने बस स्टॉप की ओर चला गया। वहां बस का इंतजार कर रहे छात्र उसकी चपेट में आ गए।पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान 22 वर्षीय प्रतीक मारुति चव्हाण के रूप में की है। वह पुरंदर के मालशिरस का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। मेडिकल जांच के लिए उसे ससून अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तेज गति के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन बस स्टॉप की ओर चला गया और वहां खड़े छात्र उसकी चपेट में आ गए।फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर हादसे से पहले ट्रक की गतिविधियों और दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

