Samachar Nama
×

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर छात्रों का जश्न, वीडियो में देंखे लगाए ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ के नारे; आंदोलनकारियों ने रखीं दो और मांगें
 

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर छात्रों का जश्न, वीडियो में देंखे लगाए ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ के नारे; आंदोलनकारियों ने रखीं दो और मांगें

NEET पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आते ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से धरने पर बैठे छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और इसे अपनी लड़ाई की जीत बताया। छात्रों ने मौके पर “छात्र एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए और राष्ट्रगान गाकर अपनी एकजुटता दिखाई।

प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि भी दी। छात्रों ने मृतक अभ्यर्थियों की याद में 2 मिनट का मौन रखा और उनके परिवारों के लिए न्याय की मांग दोहराई।

इस्तीफे के बाद भी आंदोलन जारी, छात्रों ने रखीं दो बड़ी मांगें

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छात्रों में उत्साह जरूर दिखा, लेकिन आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया कि उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के अलावा उनकी दो अन्य प्रमुख मांगें हैं, जिन्हें पूरा किया जाना जरूरी है।

आंदोलनकारियों ने मांग की है कि NEET विवाद के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई है। प्रदर्शनकारी संगठन के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार के सामने रखी गई मांगों में से एक पूरी हुई है, लेकिन अभी बाकी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत आज

इधर, सरकार और प्रदर्शनकारी संगठन के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही दोनों पक्षों के बीच बैठक शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और सौरभ दास सहित अन्य नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंच चुके हैं। बैठक में छात्रों की मांगों और NEET विवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रदर्शनकारी लगातार परीक्षा व्यवस्था में सुधार, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग कर रहे हैं।

छात्र बोले- संघर्ष का असर दिखा

जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों का कहना है कि लंबे संघर्ष के बाद उनकी आवाज सरकार तक पहुंची है। छात्रों ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति के इस्तीफे की मांग नहीं थी, बल्कि देश की परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की लड़ाई थी। NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में उठे विरोध के बीच अब सभी की नजर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी हुई है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share this story

Tags