Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश में क्लासरूम के अंदर छात्रा पर चेनसॉ से हमला: दायां हाथ लगभग कटा, फुटेज में देंखे चेहरा और गर्दन पर गंभीर चोटें; बचाने आई सहेली भी घायल

आंध्र प्रदेश में क्लासरूम के अंदर छात्रा पर चेनसॉ से हमला: दायां हाथ लगभग कटा, फुटेज में देंखे चेहरा और गर्दन पर गंभीर चोटें; बचाने आई सहेली भी घायल

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार सुबह स्कूल के क्लासरूम के अंदर एक युवक ने 10वीं कक्षा की छात्रा पर पावर चेनसॉ (बिजली से चलने वाली आरी) से हमला कर दिया। घटना राप्टाडु मंडल के एक जिला परिषद हाई स्कूल की है। हमले में छात्रा का दायां हाथ लगभग कट गया, जबकि चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे बचाने पहुंची दूसरी छात्रा भी घायल हो गई। एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय क्लास में पढ़ाई चल रही थी और छात्र-छात्राएं अपनी सीटों पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी हेमंत उर्फ डुम्मू चेनसॉ लेकर क्लासरूम में पहुंचा और एक छात्रा पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से क्लास में अफरा-तफरी मच गई। छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। शिक्षक भी घटना से घबरा गए।

बचाने आई सहेली पर भी किया हमला

हमले के दौरान एक दूसरी छात्रा ने अपनी सहेली को बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। दोनों छात्राओं को तत्काल अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल छात्रा को विशेष सर्जरी की जरूरत है। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।

मजदूर समझकर आरोपी को स्कूल में दी गई एंट्री

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी वजह से आरोपी को मजदूर समझकर स्कूल में प्रवेश दे दिया गया। वह चेनसॉ लेकर स्कूल के अंदर पहुंचा और सीधे क्लासरूम तक पहुंच गया। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एक युवक बिजली से चलने वाली आरी लेकर स्कूल में कैसे दाखिल हो गया।

धर्मावरम रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार

हमले के बाद आरोपी स्कूल से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में हुई है। वह धर्मावरम मंडल के नागलुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार है।

हमले की वजह की जांच कर रही पुलिस

फिलहाल हमले के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है। आरोपी और छात्रा के बीच पहले से किसी तरह का विवाद था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने को संभावित वजह बताया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है। उन्होंने घायल छात्रा को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Share this story

Tags