Samachar Nama
×

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर पटना में एफआईआर दर्ज, छठ पूजा को लेकर की थी विवादित टिप्पणी

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर पटना में एफआईआर दर्ज, छठ पूजा को लेकर की थी विवादित टिप्पणी
स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर पटना में एफआईआर दर्ज, छठ पूजा को लेकर की थी विवादित टिप्पणी

पटना, 26 नवंबर (आईएएनएस)। स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भाजपा ने गुरुवार को पटना में कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कोतवाली थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने बिहार में महिलाओं द्वारा सिंदूर लगाने की परंपरा और छठ पूजा को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, हालांकि बाद में अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने माफी भी मांगी।

इस पूरे मामले पर भाजपा नेता प्रीति शेखर ने कहा कि छठ पूजा आस्था का महापर्व है। इसे सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में मनाया जाता है। इस दौरान एक परंपरा है कि महिलाएं नाक से लेकर मांग तक सिंदूर लगाती हैं जो बिहार की एक परंपरा है। महिलाएं सनातन परंपरा का पालन करते हुए अपनी नाक तक लंबा सिंदूर लगाती हैं। इसकी तुलना पुरुष के प्राइवेट पार्ट से करना एक ओछी, अश्लील और घटिया मानसिकता को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी की सभी महिलाओं की ओर से आज कोतवाली थाने में एक एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि थाने में मुकदमा कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

भाजपा नेता संगीता कुमारी ने कहा कि जिस तरह से एक कॉमेडियन ने महिलाओं और छठ पूजा पर सिंदूर की परंपरा पर कमेंट किया है इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। माता सीता ने राम जी के लिए सिंदूर लगाया था। पति की लंबी उम्र के लिए हम सिंदूर लगाते हैं। उस सिंदूर पर इस तरह से छठ पूजा पर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय, बेहद अशोभनीय है।

बिहार सरकार में मंत्री श्वेता गुप्ता ने कहा कि जो भी टिप्पणी की गई, वह गलत है। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई और अभी उन्होंने माफी भी मांगी है। छठ को लेकर या बिहार की महिलाओं को लेकर या कहीं की भी महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी करने का किसी को कोई अधिकार नहीं है।

मंत्री श्वेता गुप्ता ने कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर कहा कि सिर्फ संविधान की बुक लेकर मार्च करने से नहीं होता है। जब उनको काम करने का समय मिला, तो उन्होंने काम नहीं किया और उस समय उन्होंने कितनी गलतियां कीं, वो सारी चीजों को वो नहीं समझ रहे हैं, वो उनका सिर्फ एक स्टंट है कि वो लाइमलाइट में बने रहें।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story