स्टाम्प वादों पर सख्ती, किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और ‘ज्ञान भारत मिशन’ में तेजी के निर्देश
लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित स्टाम्प वादों के त्वरित निस्तारण, किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री और 'ज्ञान भारत मिशन' के तहत दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में खसरावार मूल्यांकन के लिए सड़क और आबादी के निकट स्थित गाटों की प्रविष्टियां प्रेरणा पोर्टल पर लंबित हैं, उन्हें शीघ्र अपलोड कराया जाए।
उन्होंने वाराणसी, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, चंदौली, गाजीपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, रामपुर, मऊ और पीलीभीत में लंबे समय से मूल्यांकन सूची का पुनरीक्षण लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पुनरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा एआईजी न्यायालय में लंबित स्टाम्प वादों का तेजी से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि राजस्व से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में उप निबंधक कार्यालयों के लिए भूमि आवंटन का मुद्दा भी उठा। मुख्य सचिव ने आगरा, फिरोजाबाद, रामपुर, कानपुर नगर, गाजियाबाद, गोरखपुर, उन्नाव, बस्ती, बांदा, बिजनौर, महराजगंज, मुरादाबाद, मेरठ, मैनपुरी, लखीमपुर खीरी, गौतमबुद्ध नगर और मथुरा के जिलाधिकारियों को लंबित मामलों में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के 'ज्ञान भारत मिशन' के तहत देश की सांस्कृतिक और बौद्धिक धरोहर को संरक्षित करने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों, मठों, मंदिरों, शिक्षण संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध दुर्लभ पांडुलिपियों को स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड कराया जाए, ताकि उनका डिजिटल संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
मुख्य सचिव ने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की भी समीक्षा की और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

