स्टालिन से मुलाकात के बाद राहुल बोले: परिसीमन बिल तमिलनाडु के खिलाफ
चेन्नई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ममता बनर्जी समेत इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर बैठक की। इस बैठक के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मीडिया को इस मुलाकात की जानकारी दी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि स्टालिन जी के साथ हमारी बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई। हमने उनके सामने अपना नजरिया रखा। हमारा मानना है कि परिसीमन के जरिए 850 सीटों वाली संसद बनाना और इसमें भाजपा को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने की छूट देना, जिससे भारत में चुनाव क्षेत्रों का स्वरूप ही बदल जाए, न केवल पूरे भारत के लिए, बल्कि दक्षिण भारत और खास तौर पर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने इस विचार को पहले ही असम में आजमा लिया है। उसने इसे जम्मू-कश्मीर में भी आजमाया है, और अब वह इसे पूरे भारत में लागू करना चाहती है। इसीलिए हमने भाई स्टालिन से आग्रह किया है कि उन्हें तमिलनाडु की रक्षा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भाजपा की यह गंदी चाल कामयाब न हो पाए। याद रखें कि आरएसएस एक तमिल-विरोधी ताकत है। आरएसएस तमिल सभ्यता, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति से नफरत करता है। वह इसे खत्म करना चाहता है और इस पर अपना नियंत्रण जमाना चाहता है। इसीलिए हम सबसे कह रहे हैं: कृपया भाजपा को अपने मंसूबों में कामयाब न होने दें।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि डीएमके ने क्या कहा या क्या किया है। मैं आपको उस बारे में बता रहा हूं जिस पर हमने चर्चा की और जो हमने स्टालिन जी से कही। हमने स्टालिन जी से कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और पूरे भारत के लिए एक खतरा है। और स्टालिन जी को, सभी देशभक्त लोगों की तरह, इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।
यह बैठक शनिवार को चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में डीएमके सांसदों की बैठक के एक दिन बाद हुई। इसी बैठक में स्टालिन ने संशोधित परिसीमन विधेयक के समर्थन का फैसला घोषित किया था।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित इंडिया ब्लॉक के कई नेता सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचे थे।
विवाद का मुख्य मुद्दा विस्तारित लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा है। तमिलनाडु को आशंका रही है कि अधिक हालिया जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर परिसीमन होने से उन दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है, जहां जनसंख्या वृद्धि अपेक्षाकृत धीमी रही है।
संशोधित प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है, जिससे राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बनाए रखने का दावा किया गया है।
--आईएएनएस
एमएस/

