एसएससी भर्ती 2026: सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर समेत 84 पदों पर आवेदन शुरू, 14 मई तक फॉर्म भरने का मौका
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों/संगठनों के लिए जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर, जूनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर, जूनियर ट्रांसलेटर, सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर और सीनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर के समूह 'बी' के कुल 84 गैर-राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एसएससी ने जिन 84 पदों पर भर्ती निकाली हैं, उनके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बीते गुरुवार, 23 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, जिन कैंडिडेट्स से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए एप्लीकेशन में सुधार करने का विंडो 19 मई से 20 मई तक सक्रिय रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार हिंदी/अंग्रेजी या हिंदी और अंग्रेजी में मास्टर डिग्री, हिंदी से अंग्रेजी अनुवाद में डिप्लोमा और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल भी होनी चाहिए।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (पेपर-I), कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (पेपर-II), फाइनल मेरिट सूची, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 35,400 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। वहीं, सीबीटी (पेपर-I) अगस्त से सितंबर माह के बीच आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष) के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं/अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग और पूर्व सैनिक वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एसएससी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एएस

