एसएसबी भर्ती अलर्ट 2026: हेड कांस्टेबल सहित 76 पदों पर आवेदन जारी, अंतिम तिथि से पहले भरें फॉर्म
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। देश सेवा करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने समूह-सी, गैर-राजपत्रित (लड़ाकू), और गैर-मंत्रालयी श्रेणी में हेड कांस्टेबल सहित कुल 76 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एसएसबी ने जिन 76 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें हेड कांस्टेबल (प्रयोगशाला सहायक) के 30, हेड कांस्टेबल (फिजियोथेरेपी सहायक) के 12, और कांस्टेबल (नर्सिंग सहायक सह चिकित्सक) के 34 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि या उससे पहले तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से संबंधित पद अनुसार 10वीं, 12वीं के साथ प्रयोगशाला सहायक पाठ्यक्रम, फिजियोथेरेपी में न्यूनतम एक वर्ष का सर्टिफिकेट कोर्स, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ऑर्गनाइजेशन या रेड क्रॉस सोसाइटी ऑफ इंडिया से प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी), कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, विस्तृत चिकित्सा परीक्षण (डीएमई)/समीक्षा चिकित्सा परीक्षण (आरएमई), और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी हेड कांस्टेबल पद के लिए 25,500 से 81,100 रुपए और कांस्टेबल पद के लिए 21,700 से 69,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एएस

