Samachar Nama
×

श्रीनगर में 'कश्मीर मैराथन 2026' का आयोजन, एडीजी नीतीश कुमार ने दिखाई हरी झंडी

श्रीनगर में 'कश्मीर मैराथन 2026' का आयोजन, एडीजी नीतीश कुमार ने दिखाई हरी झंडी
श्रीनगर में 'कश्मीर मैराथन 2026' का आयोजन, एडीजी नीतीश कुमार ने दिखाई हरी झंडी

श्रीनगर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा श्रीनगर में गुरुवार को कश्मीर मैराथन 2026 का आयोजन किया गया। इस मैराथन को एडीजी जम्मू-कश्मीर पुलिस नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि मैराथन में उम्मीद से ज्यादा भीड़ उमड़ी, खासकर इसलिए क्योंकि यह आयोजन एक वर्किंग डे पर रखा गया था। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के बाहर से भी कई धावक और खेल प्रेमी इस मैराथन में हिस्सा लेने के लिए आए हैं।

उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन में उम्मीद से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, खासकर यह देखते हुए कि आज काम का दिन है। कई धावक और खेल प्रेमी जम्मू-कश्मीर के बाहर से भी इसमें भाग लेने आए हैं।"

एडीजी ने कहा कि समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों की भागीदारी उत्साहजनक रही। उन्होंने कहा, "हम देख रहे हैं कि हर वर्ग के लोग-छोटे बच्चे, दिव्यांगजन, महिलाएं और लड़कियां इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जो वास्तव में दिल को छू लेने वाला है।"

नीतीश कुमार ने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, "खेल हमारे बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एक शक्तिशाली माध्यम है। हमारे युवाओं की उत्साही भागीदारी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि वे कश्मीर में नशे के खतरे को सफलतापूर्वक हरा रहे हैं।"

मैराथन में शामिल एक प्रतिभागी ने कहा कि हर युवा को इस एकता मैराथन में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "हर युवा को इस मैराथन फॉर यूनिटी में भाग लेना चाहिए। यह हमारे लिए बहुत जरूरी और महत्वपूर्ण है। मैं बारामूला जिले की उरी तहसील से बुधवार रात यहां पहुंचा और गुरुवार सुबह इसमें शामिल हुआ। यह मैराथन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, खासकर उन युवाओं के लिए जो नशे की ओर झुक रहे हैं। मेरा उनसे संदेश है कि वे इन गलत गतिविधियों को छोड़ दें और अपने शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags