श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध विस्फोट, स्लीपरों में आई दरारें; जांच में जुटी पुलिस: जवाहर सिंह बेढ़म
जयपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध विस्फोट जैसी घटना सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और न ही किसी ट्रेन को नुकसान पहुंचा है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजस्थान सरकार के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर में रेलवे लाइन के पास विस्फोट जैसी घटना की सूचना मिली है। घटना से करीब एक घंटे पहले वहां से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। इसके बाद यह घटना हुई। रेलवे ट्रैक के लोहे वाले हिस्से को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, हालांकि ट्रैक के नीचे लगे स्लीपरों में दरारें आई हैं।
मंत्री ने कहा कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में घटना के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जाएगा।
जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि जिसने भी इस तरह की हरकत करने का दुस्साहस किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और रेल परिचालन को भी कोई नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही विस्फोट की प्रकृति और इसके पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बता दें कि मंगलवार रात अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद घटनास्थल पर जांच करने पर पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर टूटे हुए मिले। दोनों पिलरों को काफी नुकसान पहुंचा है और उनका सरिया बाहर दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

