Samachar Nama
×

श्रीराम राघवन ने कुछ इस तरह से गढ़ी 'अंधाधुन' की कहानी, सुनाया स्क्रिप्ट फाइनल करने का दिलचस्प किस्सा

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। 'बदलापुर', 'एजेंट विनोद', 'मैरी क्रिसमस' और 'जॉनी गद्दार' जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके निर्माता-निर्देशक श्रीराम राघवन ने अपनी साल 2018 की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'अंधाधुन' को लेकर मजेदार किस्सा सुनाया।

आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि यह सब एक छोटी कहानी से शुरू हुआ, जिसने उन्हें पूरी तरह प्रभावित कर दिया। राघवन ने याद किया, “समय रात के करीब 10 बजकर 30 मिनट हो रहा था और उस वक्त मैं अपने मैसेज इनबॉक्स को चेक कर रहा था। फिल्ममेकर हेमंत राव ने मुझे एक शॉर्ट फिल्म भेजी थी। मुझे वह इतनी पसंद आई कि मैंने तुरंत उन्हें फोन कर दिया और कहा, 'क्यों न हम इसे एक फीचर फिल्म के तौर पर बनाएं?”

उन्होंने आगे बताया कि जैसे ही दोनों ने कहानी पर अलग-अलग संभावनाओं के बारे में सोचना शुरू किया, दिलचस्पी तेजी से आगे बढ़ने लगीं। एक स्थिति आई और मैंने तुरंत कहा, 'क्या होगा अगर ऐसा हो जाए, क्या होगा अगर वैसा हो जाए? बस तीन-चार ऐसे 'क्या होगा अगर' वाले सवालों से कहानी का बीच तक का हिस्सा काफी आसान हो गया।”

राघवन ने न केवल फिल्म का निर्देशन किया, बल्कि हेमंत राव, पूजा लाधा सुरती, अरिजीत बिस्वास और योगेश चांदेकर के साथ मिलकर इसकी स्क्रिप्ट भी लिखी। 'अंधाधुन' की कहानी एक अंधे पियानो वादक की है, जो गलती से एक हत्या के मामले में फंस जाता है। फिल्म में आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में हैं, जबकि तब्बू, राधिका आप्टे और अनिल धवन जैसे कलाकारों ने भी शानदार अभिनय किया है।

वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स और मैचबॉक्स पिक्चर्स के बैनर तले बनी फिल्म का सह-निर्माण सुधांशु वत्स, अजीत अंधारे, गौरव नंदा, अशोक वासोदिया, केवल गर्ग और संजय राउत्रे ने किया है।

फिल्म की सफलता के बाद इसकी कहानी को कई भाषाओं में रीमेक किया गया। तेलुगू में इसका नाम 'मैस्ट्रो' रखा गया, जो साल 2021 में रिलीज हुई। मलयालम में 'भ्रामम' और तमिल में 'अंधागन' के नाम से यह रिलीज हुई।

--आईएएनएस

एमटी/वीसी

Share this story

Tags