Samachar Nama
×

'एसआरएच के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का शानदार इस्तेमाल किया', हार के बाद बोले कप्तान रजत

हैदराबाद, 23 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 55 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने एसआरएच के गेंदबाजों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एसआरएच के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया, जिसके चलते रन बनाने में मुश्किल आई।

मैच के बाद आरसीबी के कप्तान रजत ने कहा, "मुझे लगता है कि उनके टॉप पांच बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा खेला, और उन्होंने पहली इनिंग में पूरी तरह से दबदबा बनाया।" पिच को लेकर बात करते हुए रजत ने कहा, "सच में नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि धीमी बाउंसर कारगर साबित हो रही थी। एसआरएच के गेंदबाजों ने शानदार अंदाज में धीमी बाउंसर और यॉर्कर का इस्तेमाल किया। यकीनन पहले स्थान पर रहना हमारी प्राथमिकता थी, लेकिन मुझे लगता है कि पहली पारी में बहुत रन बन गए थे। इस विकेट पर मेरे हिसाब से 255 रनों का स्कोर काफी अच्छा टोटल है।"

रजत ने माना कि धीमी गेंदों के खिलाफ रन बनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनके पांच गेंदबाजों ने धीमी बाउंसर और यॉर्कर का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। हैदराबाद का विकेट काफी अच्छा है, लेकिन जब आप धीमी बाउंसर डालते हैं और गेंद को धीमी रफ्तार के साथ फेंकते हैं, तो मुझे लगता है कि बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल होता है।"

एसआरएच से मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। विराट कोहली 11 गेंदों में सिर्फ 15 रन ही बना सके। बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रनों की दमदार पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल 14 गेंदों में 21 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने। कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रन बनाए, तो क्रुणाल पांड्या 31 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, टिम डेविड 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 79 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने 212 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags