Samachar Nama
×

एसआरईआई लोन डिफॉल्ट मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 6.35 करोड़ की संपत्ति जब्त

एसआरईआई लोन डिफॉल्ट मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 6.35 करोड़ की संपत्ति जब्त
एसआरईआई लोन डिफॉल्ट मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 6.35 करोड़ की संपत्ति जब्त

कोलकाता, 18 सितंबर (आईएएनएस)। कोलकाता के एसआरईआई ग्रुप से लोन डिफॉल्ट के मामले में चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के कोलकाता जोनल ऑफिस ने 11 सितंबर को ओडिशा के एआरएसएस ग्रुप और हैदराबाद के एएमआर/एएमआरएल ग्रुप के प्रमोटरों और उनसे जुड़ी संस्थाओं के कई ठिकानों पर छापेमारी की।

यह तलाशी अभियान पीएमएलए, 2002 की धारा 17 के तहत की गई। इस दौरान ईडी ने लगभग 6.35 करोड़ रुपए की संपत्ति और कीमती सामान जब्त और फ्रीज किया है। इसमें लगभग 1.50 करोड़ रुपए का बैंक बैलेंस, लगभग 2.90 करोड़ रुपए की डीमैट और सिक्योरिटी होल्डिंग्स और लगभग 1.95 करोड़ रुपए मूल्य की नकदी और गहने शामिल हैं।

ईडी के मुताबिक, यह जांच एसआरईआई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड (एसआईएफएल) और एसआरईआई इक्विपमेंट फाइनेंस लिमिटेड (एसईएफएल) से लिए गए धोखाधड़ी और अनियमित लोन और बाद में भुगतान नहीं करने से जुड़ी है। आरोप है कि दोनों ग्रुप्स और कई अन्य संस्थाओं ने एसआरईआई से बड़ी क्रेडिट सुविधाएं लीं और बाद में डिफॉल्ट कर दिया।

जांच में संदिग्ध 'एवरग्रीनिंग,' यानी पुराने लोन को चुकाने के लिए नया लोन लेना, फंड का डायवर्जन और राउंड-ट्रिपिंग जैसी अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। एएमआरएल हाईटेक सिटी लिमिटेड/एएमआरएल ग्रुप और एआरएसएस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड/एआरएसएस ग्रुप पर एसआरईआई का कुल 1,111 करोड़ रुपए बकाया है।

तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने कई डिजिटल डिवाइस, अकाउंट बुक्स, चल और अचल संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों के वित्तीय लेन-देन और संपत्ति की स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।

ईडी ने बताया कि जब्त की गई सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से फंड के सोर्स और इस्तेमाल को ट्रेस किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags