स्पाइसजेट के पास बचे सिर्फ 13 विमान, वीडियो में जाने 10 से भी कम उड़ान भरने की स्थिति में; डीजीसीए ने जारी किया नोटिस
देश की विमानन कंपनी स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। लगातार उड़ानें रद्द होने, विमानों में देरी और परिचालन संबंधी गड़बड़ियों को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइन को नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। कभी देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन रही स्पाइसजेट की मौजूदा स्थिति अब काफी कमजोर हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के पास अब केवल 13 विमान बचे हैं, जिनमें से 10 से भी कम विमान उड़ान भरने की स्थिति में हैं।
लीज कंपनियों को भुगतान नहीं करने से खड़ी हुई परेशानी
स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति खराब होने का असर उसके विमान परिचालन पर भी दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी पर करीब 35 करोड़ रुपए का कर्ज है। एयरलाइन को विमान लीज पर देने वाली कंपनियों का भुगतान करने में परेशानी हो रही है। इसी वजह से कई विमान कंपनी से वापस ले लिए गए हैं, जबकि कुछ विमान जमीन पर खड़े हैं।विमानों की संख्या घटने के कारण कंपनी की उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। इसका असर यात्रियों पर पड़ रहा है। लगातार उड़ानें रद्द होने और देरी की शिकायतों के बाद विमानन नियामक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी से जवाब मांगा है।
नौ महीने में बाजार हिस्सेदारी 3.9% से घटकर 0.6% हुई
स्पाइसजेट की घरेलू विमानन बाजार में हिस्सेदारी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस साल फरवरी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 3.9 प्रतिशत थी, जो अगस्त में घटकर 1.2 प्रतिशत रह गई। सितंबर में इसमें और गिरावट आई और यह केवल 0.6 प्रतिशत पर पहुंच गई।पिछले नौ महीनों में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में आई यह गिरावट उसके कारोबार की चुनौतियों को दिखाती है। अगस्त और सितंबर के दौरान स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान रद्द हुई। लगातार उड़ानें रद्द होने और परिचालन में आ रही परेशानियों के कारण कंपनी की सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
शेयर बाजार में भी कंपनी को झटका
स्पाइसजेट की आर्थिक और परिचालन संबंधी परेशानियों का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। डीजीसीए का नोटिस जारी होने के बाद बीएसई पर कंपनी का शेयर करीब 5 प्रतिशत गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया। बीएसई ने भी नियामक की ओर से जारी नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है।इससे कंपनी पर आर्थिक दबाव के साथ-साथ नियामकीय जवाबदेही का दबाव भी बढ़ गया है।
5500 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में कंपनी
लगातार बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच स्पाइसजेट अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने की तैयारी कर रही है। डीजीसीए का नोटिस जारी होने के अगले दिन यानी 18 नवंबर को कंपनी के निदेशक मंडल ने 5500 करोड़ रुपए तक की राशि जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।कंपनी इस राशि के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने और कारोबार को मजबूत करने की दिशा में कदम उठा सकती है। हालांकि, फिलहाल कंपनी के सामने विमानों की उपलब्धता बढ़ाने, उड़ानों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और बाजार में अपनी हिस्सेदारी दोबारा हासिल करने जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। आने वाले दिनों में डीजीसीए के नोटिस पर कंपनी का जवाब और आर्थिक संसाधन जुटाने की योजना महत्वपूर्ण होगी।

