स्पाइस बोर्ड में रिसर्च ट्रेनी पदों पर भर्ती, इस दिन होगा वॉक-इन टेस्ट
तिरुवनंतपुरम, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मसाला बोर्ड ने भारतीय इलायची अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआई), मैलाडुम्पारा, इडुक्की, केरल में स्पाइस रिसर्च ट्रेनी (मसाला अनुसंधान प्रशिक्षुओं) के कुल 5 पदों पर चयन हेतु अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
मसाला बोर्ड ने स्पाइस रिसर्च ट्रेनी के जिन 5 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें कृषि विज्ञान एवं मृदा विज्ञान प्रभाग से 2 और पादप रोगविज्ञान (प्लांट पैथोलॉजी) प्रभाग से 3 पद शामिल हैं।
स्पाइस बोर्ड की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-टेस्ट में योग्यताओं के आधार पर स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा, दक्षता परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह 21,000 रुपए स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
वॉक-इन-टेस्ट का आयोजन 30 अप्रैल को सुबह 10.00 बजे से 'भारतीय इलायची अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआई), मसाला बोर्ड, कैलासनाडु पीओ, मायलाडुम्पारा, इडुक्की, केरल - 685553' पते पर किया जाएगा। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार टेस्ट में शामिल होने वाले हैं, उन्हें अधिसूचना के अनुसार मूल प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए वॉक-इन टेस्ट शुरू होने से एक घंटा पहले परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना होगा।
टेस्ट में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान एवं मृदा विज्ञान पद के लिए कृषि विज्ञान/मृदा विज्ञान/जैव रसायन विज्ञान/रसायन विज्ञान/बागवानी/पर्यावरण विज्ञान में एमएससी न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ और प्लांट पैथोलॉजी पद के लिए कृषि (पादप रोगविज्ञान)/सूक्ष्मजीवविज्ञान/वनस्पति विज्ञान/बागवानी में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। वहीं, कंप्यूटर का कार्यसाधक ज्ञान और संबंधित क्षेत्र में अनुभव वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 12 मार्च के आधार पर की जाएगी। कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए मसाला बोर्ड की ओर से संबंधित पद के लिए जारी विस्तट नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

