16 साल बाद स्पेन बना फुटबॉल का नया बादशाह: वीडियो में जाने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर जीता फीफा वर्ल्ड कप, फेरन टोरेस बने हीरो
स्पेन ने 16 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर फुटबॉल विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल फेरन टोरेस ने एक्स्ट्रा टाइम में किया। इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार फुटबॉल विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले 2010 के फाइनल में स्पेन ने नीदरलैंड को 1-0 से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का इतिहास रचा था।
90 मिनट तक नहीं टूटा अर्जेंटीना का रक्षा कवच
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों में से कोई भी गोल नहीं कर सकी। हालांकि पूरे मैच में स्पेन का दबदबा देखने को मिला और उसने लगातार अर्जेंटीना के गोल पर हमले किए।स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल ने बॉक्स के बाहर से कई शानदार प्रयास किए। वहीं मिकल ओयारजाबाल, पेड्री और निको विलियम्स भी लगातार गोल करने के मौके बनाते रहे। लेकिन हर बार अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज दीवार बनकर सामने खड़े रहे।
मार्टिनेज ने बचाए कई आसान गोल
अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कई ऐसे बचाव किए, जिन्हें देखकर लग रहा था कि स्पेन अब गोल कर ही देगा।मार्टिनेज ने एक के बाद एक शानदार सेव करते हुए अर्जेंटीना को लंबे समय तक मुकाबले में बनाए रखा। उनके प्रदर्शन की बदौलत ही स्पेन निर्धारित समय में गोल नहीं कर सका।
106वें मिनट में फेरन टोरेस ने तोड़ी अर्जेंटीना की उम्मीद
लगातार हमलों का दबाव आखिरकार एक्स्ट्रा टाइम में रंग लाया। मुकाबले के 106वें मिनट में निको विलियम्स ने शानदार हेडर के जरिए गेंद फेरन टोरेस तक पहुंचाई। इस बार फेरन टोरेस ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्पेन को निर्णायक बढ़त दिला दी।इस गोल के बाद अर्जेंटीना ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन स्पेन की मजबूत रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया। अंतिम सीटी बजते ही स्पेन के खिलाड़ी और समर्थक जश्न में डूब गए।
16 साल का इंतजार हुआ खत्म
इस जीत के साथ स्पेन ने 16 साल बाद फिर से विश्व फुटबॉल पर अपना दबदबा साबित कर दिया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी आक्रामक खेल दिखाते हुए चैंपियन बनने का सपना पूरा किया।वहीं, 2022 की विश्व चैंपियन अर्जेंटीना इस बार अपना खिताब बचाने में सफल नहीं हो सकी। हालांकि टीम के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने अपने शानदार प्रदर्शन से फाइनल को आखिरी क्षण तक रोमांचक बनाए रखा।स्पेन की इस ऐतिहासिक जीत के साथ विश्व फुटबॉल को नया चैंपियन मिल गया और फेरन टोरेस फाइनल के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे।

