Samachar Nama
×

सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप, अयोध्या मामले को दबाने की कोशिश कर रही सरकार

सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप, अयोध्या मामले को दबाने की कोशिश कर रही सरकार
सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप, अयोध्या मामले को दबाने की कोशिश कर रही सरकार

अयोध्या, 9 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की टिप्पणी, राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम, झारखंड छात्र विरोध और राम मंदिर ऑडिट रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि इतना घोटाला किया गया है, जिसको गिना ही नहीं जा सकता। इस मामले को सरकार दबाने की कोशिश कर रही है। सरकार की ओर से भले ही दबा दिया जाए, लेकिन प्रभु श्री राम माफ नहीं करेंगे। तुलसीदास ने कहा है, "जब-जब होइ धरम कै हानी। बाढ़हिं असुर अधम अभिमानी॥"

अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारी अयोध्या और मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की धरती को कलंकित किया गया है। अयोध्या से इनकी सरकार बनी है और यहीं से ही इनका सफाया होगा। मंदिर न्यायालय के आदेश से बना है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये राम के नाम पर व्यापार करते हैं।

झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार समाधान नहीं करना चाहती है। सरकार का इरादा ठीक नहीं है। झारखंड देश से बाहर नहीं है। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी छात्रों के साथ है। हम लोग उनकी लड़ाई लड़ेंगे।

प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि अच्छे कार्य के लिए 'इंडिया गठबंधन' बना है। बेरोजगारी, अन्याय-अत्याचार दूर करने के लिए गठबंधन का गठन किया गया है। इसमें कोई दरार नहीं डाल सकता। डिग्रियों को लेकर राहुल गांधी के बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि युवा और छात्र देश की बहुमूल्य धरोहर है। छात्र और युवा देश के दौलत होते हैं। भाजपा की सरकार में युवाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

सपा सांसद ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर से लाखों छात्र और युवा आए थे। उनके ऊपर लाठियां चलाई गईं। हमारी नेता डिंपल यादव के हाथ में भी चोट आई। अखिलेश यादव और राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया। इस मामले पर पूरे विपक्ष की मांग है कि गृह मंत्री सदन में आएं। अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि सरकार सदन नहीं चलने देना चाहती है। छात्रों की कोई जाति नहीं, वे किसी एक जिले के नहीं हैं।

अवधेश प्रसाद ने कहा, "जब-जब देश के छात्रों ने अगुवाई की है, तब-तब सत्ता बदली है। आपातकाल के वक्त छात्र सड़कों पर आ गए थे और सत्ता का परिवर्तन हुआ था। नकल विरोधी अध्यादेश पर जब सदन में चर्चा चल रही थी, तब उस समय भी न तो प्रधानमंत्री और न तो गृह मंत्री सदन में मौजूद थे। छात्रों के हित के लिए इस सरकार की नीयत ठीक नहीं है।

धर्मेंद्र प्रधान के 'छात्रों को गुमराह' करने वाले बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि कोई भी छात्र गुमराह नहीं है। छात्र कभी भी गुमराह नहीं होते। उनका गौरवशाली इतिहास रहा है। छात्रों ने हमेशा अच्छा रास्ता बनाया है। छात्रों ने सरकार को दिशा दी है। आज छात्र परेशान हैं।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी

Share this story

Tags