सपा हताशा का शिकार, प्रदेश को अराजकता के रास्ते पर ले जाना चाहती है : दानिश आजाद अंसारी
लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा राजनीतिक हताशा का शिकार हो चुकी है और प्रदेश को विनाश, अराजकता और भ्रष्टाचार के रास्ते पर ले जाना चाहती है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह देश में अंतर्कलह पैदा करना चाहते हैं।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा, "समाजवादी पार्टी राजनीतिक हताशा का शिकार हो गई है। हम लोग बार-बार इसलिए कहते हैं और अपने बयानों से समाजवादी पार्टी इसको सही भी साबित करती है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है और दोगुनी रफ्तार के साथ उत्तर प्रदेश के विकास को भारतीय जनता पार्टी की सरकार, मोदी-योगी की सरकार आगे ले जा रही है।"
उन्होंने कहा कि हमारे देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके समाजवादी पार्टी की पूरी सच्चाई और पोल-पट्टी खोल कर रख दी। राजनाथ सिंह ने जितनी बातें कहीं, एक-एक बात सही है। समाजवादी पार्टी केवल प्रदेश को विनाश के रास्ते पर ले जाना चाहती है। समाजवादी पार्टी केवल उत्तर प्रदेश को अराजकता के रास्ते पर ले जाना चाहती है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार के रास्ते पर धकेलना चाहती है।
यूपी के मंत्री ने कहा, "जिस उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर हमारी मोदी और योगी सरकार लेकर बढ़ रही है, उस उत्तर प्रदेश के साथ एक साजिश करने का काम ये पार्टी कर रही है। समाजवादी पार्टी का जो असली चरित्र और चेहरा है, जनता के सामने बेनकाब हो चुका है और 2027 में समाजवादी पार्टी को जवाब उत्तर प्रदेश की जनता देगी। जो परिणाम 2017 और 2022 में रहा, वही परिणाम 2027 में रहेगा। पूर्ण और प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।"
सीएम योगी के कानून बनाम माफिया राज वाले बयान पर दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि योगी सरकार ने 2017 के बाद यूपी की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। 2017 से पहले और बाद के यूपी में जमीन-आसमान का फर्क है। 2017 से पहले माफिया राज और गुंडा राज जैसे शब्द सुनने को आते थे, उन शब्दों को आज यूपी के शब्दकोश से मिटाने का काम योगी सरकार ने किया है। उत्तर प्रदेश के शब्दकोश में माफिया राज, गुंडा राज जैसे कोई शब्द आपको देखने को नहीं मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि आपराधिक जितने भी टर्म्स हैं, वो उत्तर प्रदेश के शब्दकोश से योगी सरकार ने मिटा दिए हैं, इसलिए समाजवादी पार्टी परेशान है। हमारे उत्तर प्रदेश में वर्तमान में योगी सरकार क्या कर रही है। वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, यानी हर जिले में मेडिकल कॉलेज हो और सपा के शासन में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का प्रोजेक्ट था।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि हर जिले में एक माफिया स्थापित करने का काम समाजवादी पार्टी ने किया और हर जनपद को विकास की तरफ आगे बढ़ाने का काम योगी सरकार ने किया। योगी सरकार और समाजवादी पार्टी की अखिलेश यादव की सरकार में जमीन-आसमान का फर्क है, जिसे उत्तर प्रदेश की सम्मानित जनता बखूबी जानती और समझती है।
उन्होंने कहा, "बहुत चकित करने वाली बात है कि राहुल गांधी जिन लोगों को समर्थन कर रहे हैं, वो लोग देश की तुलना किससे कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति हो, वो चाहे कितना भी बड़ा बेवकूफ हो, वो अपने से अच्छा बनना चाहता है, लेकिन राहुल गांधी ने तो मुझे लगता है कि सारे पैरामीटर्स बुद्धिमानी के पार करके वो अगले स्तर पर चले गए हैं।"
यूपी के मंत्री ने कहा कि वो देश की किससे तुलना कर रहे हैं, वो देश को किस रास्ते पर ले जाना चाहते हैं। आज दुनिया के बड़े-बड़े देश भारत का लोहा मान रहे हैं। भारत देश की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ा रहे हैं और वहीं राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्टी के पोषित जो नेता हैं। वह देश के अंदर अंतर्कलह पैदा करना चाहते हैं।
--आईएएनएस
केके/वीसी

