सपा का आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन ऐतिहासिक, भाजपा का सफाया तय : अवधेश प्रसाद
लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन को लेकर कहा कि आगरा की ऐतिहासिक धरती प्रेम, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उसी धरती पर दलित महासम्मेलन का विराट आयोजन हुआ, जिसमें लाखों लोग शामिल हुए। सम्मेलन स्थल का मैदान छोटा पड़ गया था और सड़कें जाम हो गई थीं। दलित समाज में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि किसी भी लड़ाई से पहले सैनिकों का उत्साह बढ़ना ही जीत का संकेत होता है। आगरा का सम्मेलन ऐतिहासिक था और यह इतिहास रचेगा। यह सम्मेलन भारतीय जनता पार्टी की विदाई का समारोह था। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम से लेकर पूर्व तक भाजपा के सफाए का संदेश इस सम्मेलन से गया है और यह सम्मेलन पूरी तरह सफल रहा।
भाजपा द्वारा सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव पर दलितों का अपमान करने का आरोप लगाने पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। मंच से सभी ने दलित समाज का सम्मान किया और पूरे उत्साह के साथ सम्मेलन हुआ। भाजपा की परेशानी इसी वजह से बढ़ गई है। परेशानी बढ़ने पर इस तरह की बातें करना स्वाभाविक है, लेकिन इससे कुछ नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने दो करोड़ नौकरियों, किसानों की आय दोगुनी करने और महिलाओं के खाते में 15 लाख रुपए देने जैसे वादे किए थे, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। कोई रचनात्मक काम नहीं हुआ। इसके उलट चंदा-चोरी और शराब से जुड़े मुद्दे सामने आए, जिससे भाजपा की परेशानी और बढ़ गई है। इसलिए भाजपा अब मुद्दों पर बात करने के बजाय इधर-उधर की बातें कर रही है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश का इतिहास गौरवशाली है। यहां की जनता जनार्दन तथा देवतुल्य मतदाता अब बहुत जागरूक और जानकार हो गए हैं। जनता जानती है कि कौन किसके द्वारा प्रायोजित होकर चुनाव में आया है, कौन किसको हराना चाहता है और कौन किसको नुकसान पहुंचाना चाहता है। भाजपा का सफाया तय है। भाजपा को सत्ता से हटाने की क्षमता और जनसमर्थन यदि किसी पार्टी के पास है, तो वह केवल समाजवादी पार्टी है। उसके नेता अखिलेश यादव हैं और पीडीए ही उसकी ताकत है। अन्य दलों को लेकर जनता को न कोई ध्यान है और न ही पहचान है। कौन सी पार्टी किसके इशारे पर आई है, यह सब जनता जानती है और इसे बताने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चुनाव से पहले एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार देने के अभियान और 2017 से पहले की सरकारों पर लगाए गए आरोपों पर अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को बनाने का काम जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार आई, तब-तब हुआ है। चाहे मुलायम सिंह यादव की सरकार रही हो या अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार, दोनों में निर्माण और विकास के काम हुए। इसके विपरीत भाजपा सरकार में केवल फांकेबाजी की बातें कही गईं, कोई बुनियादी और ठोस काम नहीं हुआ। यह बात अब जनता की समझ में आ गई है।
दिल्ली में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर हो रही बैठक के सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर कोई समस्या नहीं है। मतों में कोई भिन्नता नहीं है। सभी के बीच आपसी भाईचारा है और सबका एक ही लक्ष्य है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। युवा परेशान हैं, किसान दुखी हैं और हर तरफ तबाही का माहौल है। सीट बंटवारे को लेकर कहीं कोई समस्या नहीं होगी।
अखिलेश यादव के पूरे परिवार के साथ अयोध्या जाने और भाजपा द्वारा प्रायश्चित और संतों से माफी मांगने की मांग पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि संतों का हृदय बहुत बड़ा होता है। संत आशीर्वाद देते हैं, वे कहीं नाराज नहीं हैं। अखिलेश यादव के जाने पर संतों की कोई नाराजगी नहीं है। जो बातें सामने आ रही हैं, वे भाजपा द्वारा प्रायोजित हैं। अयोध्या के सभी लोग अखिलेश यादव के स्वागत की तैयारी में हैं और कहीं कोई समस्या नहीं है।
मथुरा में भाजपा के चिंतन शिविर को लेकर पूछे गए सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि अखिलेश यादव के प्रति बढ़ता भरोसा और यकीन ही भाजपा के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। इसलिए भाजपा चिंतन सभाएं कर रही है, लेकिन इसका कोई मतलब नहीं है। चुनाव नजदीक है और जनता ने ठान लिया है कि यह सरकार जनविरोधी है। जनता ने इस सरकार को हटाने का मन बना लिया है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम

