सपा-कांग्रेस एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार रहे, गठबंधन में फूट साफ : दानिश अंसारी
लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच मतभेदों को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडी’ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और सपा-कांग्रेस के बीच बढ़ते मतभेद अब सार्वजनिक हो चुके हैं।
दानिश आजाद अंसारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने जिस तरह ‘गफलत और नफरत की राजनीति’ को बढ़ावा देने का काम किया, उसके लिए प्रदेश की जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि ‘इंडी’ गठबंधन के दो प्रमुख दल सपा और कांग्रेस अब एक-दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी उतार रहे हैं। दोनों दलों को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनका राजनीतिक रुख क्या है और वे आखिर करना क्या चाहते हैं। अंसारी ने आरोप लगाया कि गठबंधन के नेता पहले अपने बीच की स्थिति स्पष्ट करें और उसके बाद जनता के सामने अपनी बात रखें।
उन्होंने गठबंधन की बैठकों में दलों की गैरमौजूदगी का भी मुद्दा उठाया। दानिश आजाद अंसारी के मुताबिक, 30 तारीख को हुई गठबंधन की बैठक में कई दल मौजूद नहीं थे। समाजवादी पार्टी की ओर से भी अपेक्षित भागीदारी नहीं हुई। उन्होंने इसे गठबंधन के भीतर जारी उठापटक का संकेत बताते हुए कहा कि अब ‘इंडी’ गठबंधन में फूट सार्वजनिक हो चुकी है।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘इंडी’ गठबंधन का प्रयोग पूरी तरह विफल साबित हुआ है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने एक ‘कैप्टन साहब’ से प्रधानमंत्री की बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की वीरता और उपलब्धियों की दुनिया में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संबंधित कैप्टन और उनके परिवार से बातचीत की है तथा उनके भारत लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

