Samachar Nama
×

साउथ ईस्ट दिल्ली में पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश घायल, चोरी, डकैती समेत 17 केस दर्ज

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। साउथ ईस्ट दिल्ली में देर रात एएटीएस की टीम और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया। बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात एएटीएस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गोविंदपुरी थाना क्षेत्र का घोषित बदमाश सोनू मूलचंद मेट्रो स्टेशन के आसपास आ रहा है। सूचना पर एएटीएस टीम ने मूलचंद मेट्रो स्टेशन से लेडी श्रीराम कॉलेज के पीछे वाली गली के पास ट्रैप लगाया।

जैसे ही सोनू अपनी बाइक पर वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रुकने और सरेंडर करने का आदेश दिया, लेकिन बदमाश ने तुरंत पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस कांस्टेबल अक्षय ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और दो फायर किए। एक गोली आरोपी सोनू के दाहिने पैर में लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू में कर लिया।

गिरफ्तार बदमाश सोनू पर सेंधमारी, डकैती, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों समेत कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गोविंदपुरी पुलिस थाने का घोषित बदमाश है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

मुठभेड़ के बाद घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है।

एएटीएस अधिकारियों ने बताया कि सोनू क्षेत्र में सक्रिय सेंधमार गिरोह का सदस्य है और कई वाहन चोरियों तथा डकैतियों में उसका नाम आ चुका है। उसकी गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर के कई लंबित मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने आगे बताया कि घायल आरोपी से पूछताछ की जाएगी और उसके अन्य साथियों का पता लगाने के प्रयास किए जाएंगे। इस मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags