Samachar Nama
×

साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र हार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा रहा है टीम इंडिया का सफर

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर रविवार को वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराते हुए भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में छठी बार सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र हार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा रहा है टीम इंडिया का सफर

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर रविवार को वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराते हुए भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में छठी बार सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है।

भारतीय टीम 5 मार्च को सेमीफाइनल-2 में इंग्लैंड से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले की मेजबानी मुंबई का वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम करेगा। आइए, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के अब तक के सफर पर नजर डालते हैं।

भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का आगाज यूएसए को 29 रनों से हराकर किया था। हालांकि, इस मुकाबले में एक समय पर भारतीय टीम 77 के स्कोर पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की 49 गेंदों में खेली गई 84 रनों की दमदार पारी के बूते टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही थी।

ग्रुप स्टेज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को एकतरफा अंदाज में 93 रनों से रौंदा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए थे। ईशान किशन ने 24 गेंदों में 61 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, तो हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाए थे। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के आगे नामीबिया ने आसानी से घुटने टेक दिए थे और पूरी टीम 18.2 ओवर में सिर्फ 116 रन बनाकर सिमट गई थी। गेंदबाजी में भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने 3 और अक्षर पटेल ने 2 विकेट निकाले थे।

15 फरवरी को ग्रुप स्टेज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया का सामना पाकिस्तान से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रनों का योगदान दिया। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 114 रन बनाकर ढेर हो गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने इस मुकाबले में दो-दो विकेट निकाले।

ग्रुप स्टेज का अंत टीम इंडिया ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराकर किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। शिवम दुबे ने 31 गेंदों में 66 रनों की धमाकेदार पारी खेली, तो सूर्यकुमार ने 34 रनों का योगदान दिया। 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 176 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 14 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

हालांकि, पिछले टी20 वर्ल्ड कप से चले आ रहे टीम इंडिया के विजय रथ पर 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका ने ब्रेक लगा दिया। सुपर-8 राउंड की शुरुआत भारतीय टीम ने हार के साथ की। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाए। बुमराह और अर्शदीप ने तो नई गेंद से अच्छी की, लेकिन बाकी गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम महज 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। चार भारतीय बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके। टीम की ओर से सर्वाधिक 42 रन शिवम दुबे ने बनाए।

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भारतीय टीम को अब सुपर-8 के अपने अगले दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज करनी थी। जिम्बाब्वे के खिलाफ सूर्या की सेना ने हार को भुलाकर जोरदार पलटवार किया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप का दूसरा और भारतीय टीम का सबसे बड़ा स्कोर रहा। भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन बनाए, तो हार्दिक पांड्या ने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 50 रन बनाए। 257 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी।

जिम्बाब्वे को हराने के बावजूद एक मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मैच भारतीय टीम के लिए क्वार्टर फाइनल जैसा था। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को हर हाल में कैरेबियाई टीम को हराना था। 'करो या मरो' के मुकाबले में टॉस भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता और वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कैरेबियाई टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। हालांकि, संजू सैमसन के बल्ले से निकली 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी के बूते भारतीय टीम ने 196 रनों के विशाल लक्ष्य को 5 विकेट गंवाकर 19.2 ओवर में चेज कर लिया। टी20 विश्व कप के इतिहास में यह भारतीय टीम का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। सैमसन ने अपनी यादगार पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए।

भारतीय टीम छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम इंडिया पांच सेमीफाइनल खेल चुकी है, जिसमें से 3 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, तो 2 बार फाइनल खेलने का सपना टूट चुका है।

--आईएएनएस

एसएम/आरएसजी

Share this story

Tags