एसओयू आने वाले पर्यटकों के लिए नई सुविधा: प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर को एकतानगर में आईआरसीटीसी के नए होटल का करेंगे लोकार्पण
गांधीनगर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से एकतानगर में 31 अक्टूबर को आईआरसीटीसी के नए होटल का लोकार्पण किया जाएगा। एकतानगर रेलवे स्टेशन के निकट 52.50 करोड़ रुपए की लागत से आईआरसीटीसी के नए होटल का निर्माण किया गया है। 127 कमरों वाला यह आधुनिक होटल पर्यटकों को ठहरने के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
लगभग दो एकड़ क्षेत्र में इस होटल का निर्माण किया गया है। होटल में चार अलग-अलग प्रकार के कमरे, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, बैंक्वेट हॉल, कॉन्फ्रेंस की सुविधाएं और स्विमिंग पूल तथा आकर्षक परिसर उपलब्ध हैं। यह होटल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा आसपास के पर्यटन स्थलों की यात्रा पर आने वाले पर्यटकों के लिए उपयोगी होगा। रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण यह रेल यात्रियों के लिए एक विशेष सुविधा बनेगा।
एकतानगर में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए आधुनिक होटल तथा अन्य आतिथ्य सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण बना है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा पर आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अब तक 3 करोड़ से अधिक पर्यटक यहां आ चुके हैं। नए होटल से न केवल ठहरने की सुविधा में वृद्धि होगी, बल्कि होटल संचालन, हाउसकीपिंग, खानपान तथा अन्य सेवाओं में प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
आधुनिक होटल, रेस्टोरेंट और कॉन्फ्रेंस के लिए सुविधाएँ उपलब्ध होने से पर्यटक एक दिन की यात्रा के बजाय एकतानगर में अधिक समय तक ठहरने के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं। पर्यटकों के अधिक समय तक ठहरने से स्थानीय आर्थिक विकास को वेग मिलेगा।
इसके अलावा, होटल में कॉन्फ्रेंस तथा विभिन्न कार्यक्रमों के लिए सुविधाओं से यहां कॉर्पोरेट मीटिंग, सम्मेलनों और सामाजिक आयोजनों के आयोजन के नए अवसर पैदा होंगे। परिणामस्वरूप, व्यावसायिक एवं विभिन्न आयोजनों के लिए भी एकतानगर एक पसंदीदा स्थल बनेगा। एकतानगर को आधुनिक और सर्वांगीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
--आईएएनएस
डीकेपी/

