सोनपुर मेले में दिखेगी बिहार के खान-पान की विविधता, सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का लगेगा स्टॉल
हाजीपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में इस बार पर्यटकों और श्रद्धालुओं को राज्य के सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। गंगा और गंडक नदियों के संगम के निकट आयोजित होने वाले हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में विशेष फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है, जहां बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों के प्रसिद्ध पकवानों और स्थानीय खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
इस पहल से मेले में आने वाले लोगों को एक ही परिसर में बिहार की समृद्ध खान-पान संस्कृति और विविधता का अनुभव मिल सकेगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सोनपुर मेले को धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजन के साथ बिहार की स्थानीय विरासत और खान-पान को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच बनाना है।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने फूड कोर्ट में सभी 38 जिलों के प्रतिनिधि व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित जिलों के पदाधिकारियों से संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा रहा है। प्रशासन की योजना के मुताबिक, अलग-अलग जिलों की पहचान से जुड़े पारंपरिक पकवानों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को फूड कोर्ट में जगह दी जाएगी।
इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बिहार के विभिन्न इलाकों के स्वाद से परिचित होने का मौका मिलेगा। साथ ही स्थानीय वेंडरों, छोटे कारोबारियों और खाद्य उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक बड़ा मंच भी उपलब्ध होगा। जिला प्रशासन ने संबंधित जिलों को पत्र भेजकर सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है। इसके अलावा विज्ञापन के माध्यम से इच्छुक वेंडरों और संस्थाओं को भी इस पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इधर, सोनपुर मेला-2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्य पंडाल, प्रशासनिक भवन, विशिष्ट अतिथि भवन और विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर का बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।
वहीं, जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से मेला की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
उल्लेखनीय है कि सोनपुर मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा और गंडक नदियों के संगम के निकट आयोजित होता है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, पर्यटन और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके

