Samachar Nama
×

सोनिया की किताब पर रोहन गुप्ता का हमला, कहा- किताब का राजनीतिक उपयोग न हो

सोनिया की किताब पर रोहन गुप्ता का हमला, कहा- किताब का राजनीतिक उपयोग न हो
सोनिया की किताब पर रोहन गुप्ता का हमला, कहा- किताब का राजनीतिक उपयोग न हो

पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर रोहन गुप्ता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी किताब जारी करने का अधिकार है लेकिन उसका राजनीतिक उपयोग नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी को लगता है कि सिखों पर अत्याचार हुआ और नरसंहार हुआ, तो उसे देश के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए। जो लोग बाबरी मस्जिद पर आंसू बहाते हैं, उन्हें कम से कम कभी न कभी सनातन के लिए भी खड़े होने का प्रयास करना चाहिए।

ऑपरेशन ब्लू स्टार की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी की आंखों से आंसू बहने के सोनिया गांधी के किताब में किए गए दावे पर अकाली दल के नाराजगी जताए जाने पर रोहन गुप्ता ने कहा कि यह सब किसके शासनकाल में हुआ, यह पूरा देश ने देखा है। किस प्रकार से हुआ, यह भी पूरे देश ने देखा है और क्यों हुआ, यह भी सब जानते हैं। कांग्रेस ने सिखों के साथ क्या किया है। ये भूलने वाली घटनाएं नहीं हैं। यदि आपको लगता है कि गलती हुई है, तो जब तक आप दिल से माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उस माफी और प्रायश्चित का कोई मतलब नहीं है। समय आ गया है कि कांग्रेस को प्रायश्चित करना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। इस प्रकार की जो भी गतिविधियां अतीत में हुई हैं, उनके लिए जो लोग भी जिम्मेदार हैं, उन्हें कांग्रेस पार्टी को सामने लाकर देश को यह बताना चाहिए कि वह इस मामले में गंभीर है।

अयोध्या को वैश्विक सनातन की राजधानी बनाने के अखिलेश यादव के दावे पर रोहन गुप्ता ने कहा कि जो लोग आज तक मंदिर नहीं गए, वे चुनाव आते ही चुनावी हिंदू बनने के लिए मजबूर हो गए हैं। यही तो रामलला का प्रभाव है, यही तो सनातन का प्रभाव है कि जो लोग सनातन को नहीं मानते थे और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे आज रामलला के चरणों में जाने के लिए मजबूर हो गए हैं।

उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल पूछा कि जो बयान उन्होंने अतीत में राम मंदिर और सनातन के लिए दिए थे, क्या वे उन बयानों को भूल गए? उन्हें अब यह लग गया है कि यदि चुनाव में ठीक से लड़ना है तो रामलला की शरण में जाना पड़ेगा। आप जाइए, बिल्कुल जाइए लेकिन अभी तक जो हुआ उसके लिए माफी मांगिए। आपके जो बड़े भाई समान हैं, जो दिल्ली में बैठते हैं, उन्हें भी लेकर जाइए, देश की जनता के सामने माफी मांगिए और प्रायश्चित कीजिए।

प्रधानमंत्री मोदी की 'दिमागी नक्सली' टिप्पणी पर राहुल गांधी के पलटवार और सार्वजनिक मंच पर खुली बहस की चुनौती देने पर रोहन गुप्ता ने कहा कि इस वन-साइडेड डायलॉग का क्या मतलब है? राहुल गांधी को मालूम है कि वे संसद में टिक नहीं पाते हैं। उन्हें मालूम है कि संसद में हार के बाद हार कांग्रेस पार्टी की हो रही है, इसलिए वे सड़क पर जाने के लिए मजबूर हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह देश का लोकतंत्र है, यहां भीड़तंत्र नहीं चल सकता और अराजकता नहीं चल सकती। यदि आपको सवाल पूछना है तो आप विपक्ष के नेता हैं, संवैधानिक पद है, फिर आप संसद से क्यों दूर भाग रहे हैं? जब-जब आपको संसद में बोलने का मौका मिला, आपने कहीं न कहीं संसद का अपमान किया।

रोहन गुप्ता ने कहा कि यदि वोट चोरी की बात करनी है तो उसका सबूत रखिए। जो भी बात आप कहना चाहते हैं, उसे संसद में सबूत के साथ रखिए और चर्चा कीजिए। गृहमंत्री ने कहा है कि हम हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं। फिर आप संसद से दूर भागने के लिए क्यों मजबूर हैं? आप मॉक संसद करने के लिए क्यों मजबूर हुए? क्योंकि आपको मालूम है कि कहीं न कहीं आपकी बात गलत है। आपकी नीयत में खोट है और आपके दिल में खोट है, इसलिए आप संसद से दूर भाग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आपकी जितनी भी इच्छाएं हैं, आप उन्हें मॉक संसद में पूरी कर सकते हैं, लेकिन देश की असली संसद लोकतंत्र का मंदिर है। वहां कभी झूठ नहीं चलता, फरेब नहीं चलता और आरोप नहीं चलता। वहां सिर्फ सत्य चलता है, वहां सिर्फ वही चलता है, जिसके लिए आपने सबूत दिया हो और लोकतंत्र निर्णय करता है कि क्या सही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली को खुशियों की ईद कहने पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की असली मानसिकता को दिखाता है। वर्षों तक उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति के लिए सनातन का अपमान किया है। आज दीपावली की शुभकामना भी वे ठीक से नहीं दे सकते। एक वाक्य बोलते ही उसमें ईद को ले आते हैं, कोई इसकी तुलना क्रिसमस से करता है। आखिर इसकी क्या जरूरत है? क्या उन्हें सनातन से इतनी नफरत है कि हर बात में वे दूसरे त्योहारों को ले आते हैं?

रोहन गुप्ता ने कहा कि पूरे देश की जनता देख रही है और उनकी असलियत को समझ रही है। कांग्रेस के एक नेता ने दीपावली की तुलना एक बीमारी से कर दी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि किसने उन्हें यह लाइसेंस दे दिया कि वे दीपावली का अपमान करें। उन्होंने कहा कि यदि आपको दीपावली मनाना पसंद नहीं है तो मत मनाइए, लेकिन कम से कम उसका अपमान तो मत कीजिए। क्या उन्हें लगता है कि तुष्टिकरण की राजनीति करके और दीपावली का अपमान करके उन्हें वोट मिल जाएंगे? पूरे देश की जनता उनकी असलियत जानती है। इसलिए कम से कम त्योहारों के समय तो उन्हें अपनी राजनीति को विराम देना चाहिए और दीपावली का अपमान करने से दूर रहना चाहिए।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story